शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) आगामी लोकसभा चुनाव में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और चंडीगढ़ की कुल 20 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा।
इनमें से पंजाब की तीन और हरियाणा की एक सीट पर दल ने सोमवार को पार्टी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी, जबकि बाकी प्रत्याशी तय करने के लिए संसदीय बोर्ड का गठन किया गया है।
दल के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह मान के लोकसभा क्षेत्र संगरूर या खडूर साहिब से मैदान में उतरने की संभावना है। मान ने यहां पत्रकारों को बताया कि फिरोजपुर से ध्यान सिंह मंडी, श्री आनंदपुर साहिब से जसवंत सिंह मान, पटियाला से एमपी सिंह और करनाल से प्रो. अजीत सिंह काहलों को पार्टी प्रत्याशी बनाया गया है।
पार्टी पंजाब की सभी 13 सीटों, राजस्थान की गंगानगर, हरियाणा की करनाल, कुरुक्षेत्र, हिसार और सिरसा सहित चंडीगढ़ सीट पर चुनाव लड़ेगी। अन्य सीटों पर प्रत्याशियों का चयन करने के लिए गठित पार्टी के संसदीय बोर्ड में दल के सेक्रेटरी जनरल जसवंत सिंह मान साहिब ध्यान सिंह मंड, तालब सिंह संधु, प्रो. महिंदर पाल सिंह, जसकरण सिंह, काहन सिंह वाला और बाबा अमरजीत सिंह को शामिल किया गया है।
मान ने कहा कि पार्टी बादल के परिवारवाद, अकाली-भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार, एसजीपीसी की नाकामी और कांग्रेस के मिस-रूल से संबंधित एजेंडे पर लोगों के बीच जाएगी।
उन्होंने गत रविवार की मोदी की जगरांव रैली को फ्लॉप शो करार देते हुए कहा कि बादल इसमें पांच लाख लोगों के शामिल होने की बात कह रहे थे, जबकि वहां मुश्किल से 75 हजार लोग पहुंचे। इससे स्पष्ट है कि पंजाब की जनता ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और बादल परिवार को नकार दिया है।