संगरूर लोकसभा हलके में तीनों प्रमुख पार्टियों के उम्मीदवारों के ऐलान के साथ चुनावी बिसात बिछ गई है। अकाली दल ने राज्यसभा सदस्य सुखदेव सिंह ढींढसा को, कांग्रेस ने मौजूदा सांसद विजय इंदर सिंगला को उम्मीदवार घोषित किया है जबकि आम आदमी पार्टी ने हास्य कलाकार भगवंत मान पर दांव खेला है। तीनों पार्टियों द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही संबंधित पार्टियों में उनका विरोध भी शुरू हो गया है।
युवा सांसद विजय इंदर सिंगला इस हलके में कांग्रेस दिग्गजों के गुटों से सामंजस्य बिठाने में उलझ गए हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रताप सिंह बाजवा के गुटों के अलावा राजिंदर कौर भट्ठल का विधानसभा हलका लहरागागा भी संगरूर में है। प्रदेश कांग्रेस में यह तीनों गुट सिंगला की राह में रोड़े अटकाने लगे हैं।
उधर, सुखदेव सिंह ढींढसा का यह परंपरागत हलका है। हलके की एक विधानसभा सीट पर उनके पुत्र परमिंदर सिंह ढींढसा विधायक भी हैं। लेकिन इस बार महिलकलां विधानसभा हलके में उनका विरोध हो रहा है।
यहां शिअद केविधानसभा उम्मीदवार गोबिंद सिंह कांझला का ढींढसा से 36 का आंकड़ा रहा है। पिछले दिनों ब्लॉक समिति चुनाव के दौरान ढींढसा ने कांझला को हलका इंचार्ज पद से हटवा दिया था। उसके बाद विरोध और बढ़ गया।
आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को जैसे ही संगरूर सीट से उम्मीदवार घोषित किया, स्थानीय आप कार्यकर्ताओं ने मान का विरोध शुरू कर दिया है। संगरूर हलके में आप के संस्थापकों में से एक एएस मान पार्टी के फैसले से हैरान हैं।
हालांकि उन्होंने खुलकर विरोध नहीं जताया है, पर वह मान को टिकट दिए जाने से खुश नहीं हैं। एएस मान खुद भी टिकट के दावेदार थे। बरनाला हलके में भी भगवंत मान का खुला विरोध हो रहा है।
संसदीय हलके का इतिहास
चुनाव ---- विजेता ----- पार्टी
1951 - रंजीत सिंह - कांग्रेस
1962 - रंजीत सिंह - कांग्रेस
1967 - गुरचरन सिंह निहालवाला - कांग्रेस
1971 - तेजा सिंह स्वतंत्र - सीपीआई
1977 - बलवंत सिंह रामूवालिया - शिअद
1980 - गुरचरन सिंह निहालवाला - कांग्रेस
1985 - बलवंत सिंह रामूवालिया - शिअद
1989 - राजदेव सिंह मान - शिअद-एम
1991 - गुरचरन सिंह ददाहुर - कांग्रेस
1996 - सुरजीत सिंह बरनाला - शिअद
1999 - सिमरनजीत सिंह मान - शिअद-एम
2004 - सुखदेव सिंह ढींढसा - शिअद
2009 - विजय इंदर सिंगला - कांग्रेस
विधानसभा हलकों में समीकरण
हलका ----- विधायक ---- पार्टी
भदौड़ - मोहम्मद सदीक - कांग्रेस
बरनाला - केवल ढिल्लों - कांग्रेस
लहरागागा - रजिंदर कौर भट्ठल - कांग्रेस
धूरी - अरविंद खन्ना - कांग्रेस
महिल कलां - हरचंद कौर - कांग्रेस
दिड़बा - बलवीर सिंह घुन्नस - शिअद
मलेरकोटला - निसारा खातून - शिअद
संगरूर - प्रकाश चंद गर्ग - शिअद
सुनाम - परमिंदर ढींढसा - शिअद