सेलिब्रिटी माडल... फिल्म एक्ट्रेस और अब टोपी पहनकर आम आदमी। बालीवुड एक्ट्रेस गुल पनाग ने जैसे ही टोपी पहनी वह बन गई आम आदमी और उनको 48 घंटे में मिल गया लोकसभा चुनाव का टिकट।
उनके नाम की घोषणा ऐसे हुई जैसे किसी फिल्म का क्लाइमेक्स। एक ओर उनके नाम की घोषणा हुई और दूसरी ओर हंगामा। यह हंगामा उन लोगों ने खड़ा कर दिया जो पार्टी में आम आदमी जैसे टिकट हासिल करने के लिए लाइन में लगे थे।
वहीं, लोग कह रहे थे गुल पनाग का चंडीगढ़ से एकमात्र रिश्ता है कि वे वहां की रहने वाली हैं और उनकी ससुराल यहीं है। भीड़ में मौजूद एक शख्स ने हाथ में कागज लहराते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।
पवन कुमार शर्मा नाम के इस शख्स ने गुल पनाग को टिकट दिए जाने का विरोध करते हुए सवाल किया कि उन 31 लोगों का क्या जिन्होंने चुनाव लड़ने के लिए टिकट मांगा था।
शर्मा ने कहा कि बेशक उन्हें टिकट नहीं दी जाए पर पार्टी आम लोगों की बजाए चकाचौंध की ओर आकर्षित हो रही है।
उधर, मनीष सिसोदिया काफी देर तक आम आदमी से हटने वाले आम आदमियों को पुरजोर आवाज में समझाते रहे कि गुल पनाग सामाजिक कार्यों से जुड़ी हैं।
गुल पनाग ने कहा कि एक छोले वाला भी आम है तो छोले खरीदने वाला भी। वह एडवोकेट भी हो सकता है, वह पत्रकार भी हो सकता है और बिजनेसमैन भी। गुल पनाग ने कहा कि वह कोई पैराशूट उम्मीदवार नहीं हैं।