लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारियों के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने बेबाकी से बोलते हुए राहुल गांधी, कांग्रेस, ब्राह्मणों और डीएनए पर बड़ा बयान दिया है। सुरजेवाला 3 सितंबर को हरियाणा में कुरुक्षेत्र जिले में ब्रह्मसरोवर तट पर चल रहे ब्राह्मण सम्मेलन में बोल रहे थे।
यहां उन्होंने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में ब्राह्मण समाज का खून है। कांग्रेस सत्ता में आई तो ब्राह्मणों को आरक्षण दिलाया जाएगा, ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन होगा। इस बोर्ड का चेयरमैन भी ब्राह्मण समाज का ही होगा। स्वाभाविक ज्ञान हमेशा ब्राह्मणों के पास रहा है। क्योंकि पैसा कभी ब्राह्मण का ज्ञान नहीं खरीद सका।
ऐसे में बीजेपी पर धर्म और जाति की राजनीति का आरोप लगाने वाली कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर खुद भी ब्राह्मण कार्ड खेल दिया है। वहीं सुरजेवाला ने राहुल गांधी को शिव भक्त बताया और कहा बीजेपी राहुल गांधी की कैलाश मानसरोवर यात्रा में खलल डालने की कोशिश कर रही है।