अमृतसर से अकाली-भाजपा के संयुक्त उम्मीदवार अरुण जेटली पूरी तत्परता से अमृतसर के विकास के एजेंडे को जनता के समक्ष रख रहे हैं। शहर के सभी बीस रोटरी क्लबों की संयुक्त सभा में जेटली ने कहा कि अमृतसर हर क्षेत्र में अपार संभावनाओं का शहर है।
बीते दस वर्ष में केंद्र सरकार तो इसे कहीं नहीं ले जा सकी लेकिन मैं गुरु नगरी से वचन करता हूं कि अगर सेवा का मौका मिला तो अमृतसर का व्यापार, उद्योग, पर्यटन व यहां की इमारतों की खूबसूरती को देश ही नहीं दुनियां के नक्शे पर ला दूंगा।
जेटली ने कहा कि मैं बचपन से अमृतसर आता रहा हूं। यहां की हर चीज से मैं प्रभावित हूं। खालसा कॉलेज की बिल्डिंग का जिक्र करते हुए जेटली ने कहा कि इसकी खूबसूरती इतनी है कि सिर्फ इसको लेकर ही पूरी दुनिया में अमृतसर की पहचान कायम की जा सकती है।
बड़े-बड़े राजा रानियों के महलों को भी खूबसूरती को मात देती है खालसा कॉलेज की बिल्डिंग। ऐसी ही खासियत यहां के खाने में है और यहां के व्यापार में है। इसके लिए मैंने अपना विजन डाक्यूमेंट बनाकर जारी कर दिया है। हमारी सरकार आते ही इस पर अमल शुरू हो जाएगा।
अपनी पार्टी के विकास एजेंडे का देश-भर से ब्यौरा देते हुए जेटली ने कहा कि मैं और मेरी पार्टी जो भी कहते हैं उसे पूरा करते हैं। गुजरात की कहानी सबको पता है, छत्तीसगढ़, गोवा और मध्यप्रदेश के उदाहरण भी गुजरात के बराबर हैं।
मध्यप्रदेश में तो लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार आई है। जिस मध्यप्रदेश में हमारी सरकार आने से पहले तक सिर्फ चार घंटे बिजली मिलती थी, सड़कें कच्ची थीं, खेती खस्ता हाल में थी वहां एक लाख बीस हजार किलोमीटर लंबी सड़कें बनाई गई हैं, नर्मदा जैसी नदियों से पानी लेकर सूखी नदियों में पानी डाल खेती में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
जेटली ने कहा कि मैं इन सब का जिक्र इसलिए कर रहा हूं ताकि पता चले कि दस साल में क्या किया जा सकता है और भाजपा क्या करने की ताकत रखती है।
पाकिस्तान से संबंधों का जिक्र करते उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गलत नीति के कारण पाकिस्तान सहित हर छोटे बड़े देश से भारत के संबंध मधुर नहीं रहे हैं और इसी के चलते अमृतसर जैसे बार्डर के शहरों में व्यापार भी प्रभावित हुआ है।