फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोकसभा चुनाव 2019: गुरदासपुर बन गई हॉट सीट, सन्नी देओल के स्टारडम में उलझे सुनील जाखड़

Mon, 13 May 2019 12:58 PM IST
खुशबू गोयल अखिल तलवार, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
सनी देओल बनाम सुनील जाखड़
विज्ञापन
बॉर्डर बेल्ट की गुरदासपुर सीट इस बार पंजाब की सबसे हॉट सीटों में से एक बन गई है। यहां मुकाबला मौजूदा सांसद व प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ और बॉलीवुड की नामी हस्ती सन्नी देओल के बीच है। राजनीति में बॉलीवुड के तड़के ने गुरदासपुर की चुनावी जंग को काफी दिलचस्प बना दिया है। देश भर की नजरें इस सीट के नतीजे पर लगी हैं। कांग्रेस की राज्य में सरकार है, जाखड़ प्रदेश कांग्रेस प्रधान हैं। तीन हलकों फतेहगढ़ चूड़ियां से तृप्त रजिंदर बाजवा, डेरा बाबा नानक से सुखजिंदर रंधावा और दीनानागर से अरुण चौधरी कैबिनेट मंत्री हैं।
विज्ञापन


कुल नौ विधानसभा हलकों में से सात विधायक कांग्रेस के हैं। इसके बावजूद 2017 के उप चुनाव में करीब दो लाख वोटों से जीतने वाले जाखड़ की राह आसान नहीं दिख रही है। कांग्रेस के सारे ग्राउंड वर्क पर सन्नी का स्टारडम भारी पड़ रहा है। जाखड़ के चुनाव की कमान प्रदेश महासचिव कैप्टन संदीप संधू ने संभाल रखी है। जिनका शानदार ट्रैक रिकॉर्ड है। अमृतसर लोकसभा चुनाव में कैप्टन अमरिंदर सिंह की जीत, फिर गुरदासपुर लोकसभा और शाहकोट विधानसभा उप चुनावों में कांग्रेस की जीत की रणनीति उन्होंने ही तैयार की थी। इस बार भी संधू का सारा फोकस ग्राउंड लेवल पर है।

कांग्रेस के सभी नेता अपने हलकों में निचले स्तर पर पूरी ताकत झोंक रहे हैं। शिअद और भाजपा के निचले स्तर के नेताओं को तोड़ा जा रहा है। हालांकि पंचायत चुनाव में कांग्रेस द्वारा सत्ता के दम पर की गई दबंगई के कारण नाराजगी भी झेलनी पड़ रही है। सीएम ने एक रैली के दौरान जाखड़ को भावी सीएम बता कर वर्करों में जोश भर दिया।
विज्ञापन

ग्रासरूट लेवल पर कांग्रेस की कैंपेन काफी मजबूत नजर आ रही है। लेकिन जैसे ही सन्नी का रोड शो निकलता है, सारे समीकरण बदलते नजर आते हैं। सन्नी को देखने को लोगों का हुजूम उमड़ रहा है। उनके साथ सेल्फी लेने को लोग दिवाने हैं, एक महिला ने तो रोड शो के दौरान उन्हें किस कर दिया। पर सन्नी कुछ बोलते नहीं हैं, यह उनके आड़े आ रहा है।

हलके को लेकर भी उन्होंने कोई होमवर्क नहीं किया है। उनके प्रचार के लिए बॉबी देओल भी लगातार आ रहे हैं, धमेंद्र ने भी अब डेरा डाल लिया है। अमित शाह रैली कर चुके हैं, सुषमा स्वराज ने आना है। इससे पहले भी एक बॉलीवुड सेलेब्रिटी विनोद खन्ना यहां से सांसद रहे हैं। इसके अलावा भाजपा को अपने परंपरागत हलकों पठानकोट, सुजानपुर, भोआ में राष्ट्रवाद और पीएम नरेंद्र मोदी का भी सहारा है। क्योंकि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से लगी इस बेल्ट में बड़ी संख्या में पूर्व फौजी परिवार हैं।

सन्नी, मोदी-शाह की पसंद हैं, इसलिए आरएसएस ने इस सीट पर पूरी ताकत झोंक रखी है, उसकी सभी संगठन भी एक्टिव हैं। पर भाजपा के संगठन में थोड़ा बिखराव नजर आता है। भितरघात की आशंका को देखते हुए पार्टी ने कविता खन्ना, मास्टर मोहन लाल और स्वर्ण सलारिया को बाहर भेज दिया है। उधर, कांग्रेस में भी पूर्व प्रदेश प्रधान प्रताप बाजवा अब तक नहीं आए हैं। इस सीट पर सबके सामने एक ही सवाल है कि क्या सन्नी को मिलने वाला समर्थन वोट में तब्दील होगा या नहीं।

सन्नी के जवाब में आएंगी प्रियंका गांधी

हॉट सीट गुरदासपुर पर कांग्रेस ने भी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है। सन्नी देओल के सेलेब्रिटी स्टेटस के जवाब में कांग्रेस अपने सबसे लोकप्रिय नेता प्रियंका गांधी को लाएगी। प्रियंका मंगलवार को इस हलके में रोड शो करेंगी। खास रणनीति के तहत रोड शो पठानकोट हलके में रखा गया है, जहां भाजपा काफी मजबूत है और सन्नी को काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। इसी रणनीति के तहत सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की दो रैलियां भी भोआ और बटाला में रखी गई थीं।

सारे मुद्दे हुए गायब
गुरदासपुर हलके में कुछ समय पहले तक कई मुद्दे थे, जो अब गायब हो चुके हैं। पाकिस्तान स्थित गुरद्वारा श्री करतारपुर साहिब के लिए बनने वाला कॉरीडोर यहां के डेरा बाबा नानक से बन रहा है। सिखों की सालों की मांग पूरी हुई, पर इस पर कोई बात नहीं कर रहा है। कुछ दिन पहले तक इस गन्ना बेल्ट में किसानों को अदायगी न होना सबसे बड़ा मुद्दा था। अब वह भी कहीं नजर नहीं आ रहा है। बटाला की इंडस्ट्री का रिवाइवल, पठानकोट शहर के बीच में गुजरते जोगिंदर नगर के रेलवे ट्रैक की समस्या, यहां इंडस्ट्री न होना समेत कई मुद्दे थे, जो कुछ समय पहले तक सुर्खियों में थे, लेकिन अब इन पर कोई बात नहीं हो रही है।

खन्ना ने ध्वस्त किया था कांग्रेस का किला
गुरदासपुर हलका कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है, जिसे पहली बार सुपर स्टार विनोद खन्ना ने ध्वस्त किया था। दो उप चुनाव समेत अब तक हुए 18 चुनाव में कांग्रेस यहां से 13 बार जीती है। कांग्रेस के दीवान चंद शर्मा तीन बार और सुखबंस कौर भिंडर लगातार पांच बार यहां से सांसद रहे। 1998 में भाजपा ने विनोद खन्ना को टिकट दिया, जिन्होंने कांग्रेसी किले में सेंध लगा दी। खन्ना लगातार तीन बार जीते। 2009 में हारने के बाद 2014 में फिर सांसद बने।
विज्ञापन

पिछले चुनाव

वर्ष--------------------- जीते (वोट प्रतिशत) ------------ ----- हारे (वोट प्रतिशत)
2017 (उप चुनाव) -- सुनील जाखड़ - कांग्रेस (58.15)-- स्वर्ण सलारिया-भाजपा (35.67)
2014---------------- विनोद खन्ना-भाजपा (46.25) ---- प्रताप सिंह बाजवा (33.20)
2009 --------------- प्रताप सिंह बाजवा-कांग्रेस (48) ---  विनोद खन्ना-भाजपा (47.10)

विधानसभा हलका - पुरुष ---- महिला ----- थर्ड जेंडर - कुल
सुजानपुर -- 85449 -- 76363 --- 3 ----161815
भोआ ----- 92944 --- 83379 -- 0 --- 176323
पठानकोट -- 76690 -- 70389 --4 -- 147083
गुरदासपुर -- 84069 -- 76155 --- 3 -- 160227
दीनानगर -- 97477 -- 87684 -- 7 --185168
कादियां -- 92654 -- 81907 -- 7 --174568
बटाला -- 95040 --- 83177 -- 5 -- 178222
फतेहगढ़ चूड़ियां -- 88111-- 79663-- 3 -- 167777
डेरा बाबा नानक -- 97104 -- 87646 - 4 -- 184754
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें