बुजुर्गों ने भी किया मतदान
चुनाव आयोग को कुल 48 बैलेट यूनिट, 24 कंट्रोल यूनिट और 59 वीवीपैट मशीन को दस लोकसभा क्षेत्रों में बदलना पड़ा। प्रदेश में मतदान के दौरान कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई। सोनीपत और फतेहाबाद जिलों से हिंसा की दो घटनाएं सामने आई हैं, जिनके चुनाव से संबंधित होने को लेकर डीजीपी मनोज यादव ने इंकार किया है।
डीजीपी मनोज यादव के अनुसार रोहतक के विश्वकर्मा स्कूल के सामने के एरिया से बोहर गांव के हिस्ट्रीशीटर रमेश लोहार को उसके एक अन्य साथी सुनील निवासी मकडोली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3 फर्जी नंबर प्लेट, 0.32 बोर के 15 कारतूस, लाठियां, डंडे बरामद किए गए हैं। इसके अलावा अस्थायी नंबर प्लेट वाले तीन वाहन भी जब्त किए हैं। जिला नूंह में चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के दो केस व रोहतक में एक केस दर्ज किया है।
सोनीपत में जजपा प्रत्याशी दिग्विजय चौटाला ने पार्टी का चुनाव चिन्ह ईवीएम पर धुंधला होने की शिकायत की थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि उनकी शिकायत की जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही नहीं पाए गए। चुनाव चिन्ह का डिजाइन ही चुनाव आयोग से ऐसा आया है।
मतगणना के लिए और आएंगी अर्धसैनिक बलों की कंपनियां
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो चुका है। अब मतगणना की बारी है। सोमवार से मतगणना के लिए अर्धसैनिक बलों की और कंपनियां हरियाणा आएंगी। मतगणना के दिन भी कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं देंगे।
उन्होंने बताया कि सी-विजल एप पर 4115 शिकायतें आईं, जिनमें से केवल चार ही लंबित हैं। मतदान के दिन 94 शिकायतें आईं जिनका समाधान कर दिया गया। सोमवार सुबह 11 बजे मतगणना के लिए भी पर्यवेक्षक आएंगे।
सीट 2014 2019
अंबाला 72.34 70.83
कुरुक्षेत्र 76.05 72.70
सिरसा 77.11 74.01
हिसार 76.52 72.20
करनाल 71.07 67.58
सोनीपत 69.87 69.08
रोहतक 67.71 69.36
भिवानी-महेंद्रगढ़ 71.03 69.86
गुरुग्राम 72.14 68.45
फरीदाबाद 65.18 64.70
वर्ष मत प्रतिशत
1967 72.61
1971 64.35
1977 73.26
1980 64.76
1984 66.84
1989 64.41
1991 65.84
1996 70.48
1998 68.99
1999 63.68
2004 65.72
2009 67.48
2014 71.86
2019 68.35
पंचकूला के गांव गुमथला के लोगों ने चुनाव का बहिष्कार किया। गांव में विकास कार्य ना होने के चलते सभी गांववासियों ने वोट न देने का फैसला लिया। लोगों का कहना है कि अगर गांव का विकास नहीं हुआ तो विधानसभा और निगम के चुनाव में भी बहिष्कार करेंगे।
फतेहाबाद में बूथ नंबर 79 पर बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए। बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष हरमेश शर्मा और वार्ड नंबर 2 के कांग्रेसी पार्षद नरेश शर्मा बूथ के अंदर आपस में भिड़े। दोनों की हल्की खरोंच आई। चुनाव अधिकारियों व पुलिस ने दोनों को शांत करवाया।
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने लगाया गड़बड़ी का आरोप
रोहतक से कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सहकारिता मंत्री पर मतदान के दौरान बूथों पर जाकर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। दीपेंद्र ने एक ज्ञापन देकर मामले की शिकायत डीसी यश गर्ग से की। दीपेंद्र का आरोप है कि डीसी ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद दीपेंद्र ने कहा कि यदि प्रशासन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करता है तो वह कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
रोहतक में भारत टेक कन्या स्कूल में सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर और पूर्व विधायक बीबी बतरा के बीच दोपहर करीब 12 बजे तू-तू मैं-मैं हो गई। मतदान केंद्र पर मंत्री के पहुंचने पर बतरा ने उनसे कहा कि आप यहां क्या कर हैं तो मंत्री ने कहा कि तुमसे क्या मतलब। इसी बात पर दोनों में झड़प हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।