केंद्र में भाजपा की सहयोगी रिपब्लिक पार्टी ऑफ इंडिया ने भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से प्रत्याशी कुंदन चौधरी को तीन साल के लिए पार्टी से बर्खास्त कर दिया है। कुंदन चौधरी पर यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत करने पर की गई है।
इतना ही नहीं उनके लिए प्रचार करने आ रहे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्र में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले भी बीच रास्ते से ही लौट गए। मंत्री के बीच रास्ते से ही लौटने के बाद कुंदन चौधरी ने पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उन्हें पार्टी विरोधी कार्रवाई के लिए तीन साल के लिए बर्खास्त कर दिया गया।
कुंदन चौधरी अब निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया ने भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कुंदन चौधरी को प्रत्याशी बनाया था। रविवार को बावड़ी गेट पर उनकी जनसभा थी, इसमें पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्र सरकार में मंत्री रामदास आठवले को आना था।
अठावले मुंबई से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे और फिर भिवानी आने के लिए रोहतक तक आ चुके थे, लेकिन यहां से ही वापस लौट गए। उनके जनसभा में नहीं आने पर कुंदन चौधरी ने पद और पार्टी से इस्तीफा देने का एलान कर दिया।