पंजाब में बढ़ते चुनावी पारे के बीच शिरोमणि अकाली दल के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बनीं बठिंडा और फिरोजपुर सीटों को लेकर सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह काफी आश्वस्त हैं। उनका दावा है कि दोनों ही हलकों में इस बार लोग बादलों का सफाया कर देंगे। अमर उजाला से विशेष बातचीत में कैप्टन ने दोनों हाई प्रोफाइल सीटों से कांग्रेस द्वारा कमजोर उम्मीदवार उतारने के आरोपों को खारिज किया।
उन्होंने कहा कि कहा कि शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल, दोनों की स्थिति खराब है। हरसिमरत प्रधानमंत्री मोदी की कैबिनेट का हिस्सा होने के बावजूद पंजाब के लिए कुछ नहीं कर सकीं। उधर, कांग्रेस उम्मीदवार अमरिंदर सिंह राजा वडिंग युवाओं में काफी लोकप्रिय हैं। सच यह है कि अब पंजाब में बादलों का कोई गढ़ नहीं बचा। यही हाल सुखबीर का है।
उन्होंने कहा कि लोग अभी तक नहीं भूले हैं कि बादलों ने दस साल के शासन के दौरान क्या किया। किस तरह पंजाब में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने की कोशिश की। लोग बरगाड़ी समेत बेअदबी की तमाम घटनाओं, कोटकपूरा और बहिबल कलां में फायरिंग को नहीं भूले हैं। इसलिए अकालियों का 2017 के विधानसभा चुनाव जैसा हाल होगा।