कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्ध ने शुक्रवार को कहा कि फ्रेंडली मैच खेलने वालों को सबक सिखाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि जो लोग मिलजुलकर खेलते थे, अब उन्हें बाहर का रास्ता दिखाना जरूरी हो गया है। सिद्धू कांग्रेस उम्मीदवार अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के हक में चुनाव प्रचार करने बठिंडा पहुंचे थे।
सिद्धू ने बिना नाम लिए अपनी ही सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बहिबल कलां गोलीकांड का पूरा सच सामने आ गया है। इसके बावजूद आरोपियों को सजा नहीं दी जा रही। सिद्धू ने कहा कि जब उक्त मामले से संबंधित सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों ने साफ तौर बता ही दिया है तो फिर पीछे बताने को कुछ नहीं बचा।
पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को गप्पी करार देते हुए कहा कि मोदी के साथ मिलकर बादल ने भी लोगों से झूठ बोला। सिद्धू ने कहा कि सुखबीर बादल दावा करते थे कि सड़कों पर बम फोड़ना, सड़क नहीं टूटेगी लेकिन छोटे से पटाके से सड़क टूट जाती है।
बठिंडा पहुंचने पर सिद्ध ने सबसे पहले आर्या समाज चौक पर बनी भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव सिंह की प्रतिमा पर फूल मालाएं चढ़ाकर शहीदों को नमन किया। इस मौके पर उनके साथ वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल और कांग्रेस उम्मीदवार अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग उपस्थित थे।
‘23 मई आई और बीबी गई’
नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि 23 मई आई और बीबी गई। उन्होंने लोगों को इस बार बादल परिवार की बहू को ज्यादा से ज्यादा मतों से हराकर वड़िंग को विजय बनाने की अपील की।