राजनीति में कब उथल-पुथल हो जाए, इसका कोई अंदाजा नहीं लगा सकता। पंजाब में कांग्रेस एक हॉट सीट पर बड़ी उथल पुथल मचा सकती है। जानकारी के अनुसार, लोकसभा संगरूर सीट पर उम्मीदवार को लेकर कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में गुटबाजी जारी है। इनमें से किसी एक को टिकट दिया गया तो दूसरा उसकी जीत में बाधा डालेगा। सूत्रों अनुसार, इसके चलते कांग्रेस की हाईकमान ने फैसला किया है कि गुटबाजी को विराम देने के लिए और सीट को सुरक्षित करने के लिए संगरूर से नवजोत कौर सिद्धू को उतारा जाए। ऐसा करना ज्यादा बेहतर होगा।
बता दें कि इस सीट पर टिकट पाने के लिए कैबिनेट मंत्री विजयइंदर सिंगला व पंजाब प्रदेश के उपाध्यक्ष केवल ढिल्लों के बीच गुटबाजी चरम पर है। विधानसभा चुनाव में केवल ढिल्लों की टिकट कटाने के लिए सिंगला गुट के वर्करों व नेताओं ने दिल्ली में धरना दिया था, वहीं केवल ढिल्लों के समर्थकों ने गत लोकसभा चुनाव में विजयइंदर सिंगला का सख्त विरोध किया था। इसके चलते सिंगला की जमानत जब्त हो गई थी। इस तरह अगर केवल ढिल्लों को टिकट मिलती है तो सिंगला गुट जमकर विरोध करेगा और अगर सिंगला को टिकट मिलती है तो ढिल्लों गुट विरोध करने में कसर नहीं छोडे़गा।
इसके अलावा टिकट दावेदारों में पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल का गुट अलग है। विधायक सुरजीत धीमान के लड़के जसविंदर धीमान का गुट अलग है। कुल मिलाकर जितने दावेदार हैं उतने गुट बने हैं। इसलिए हाईकमान नवजोत कौर सिद्धू के नाम पर विचार कर रही है। वैसे भी दो महीने पहले नवजोत सिंह सिद्धू लोकसभा हलका संगरूर के विकास के लिए 200 करोड़ रुपये की ग्रांट जारी करके नवजोत कौर सिद्धू के लिए सियासी जमीन तैयार कर गए थे।