हरियाणा में मतदान से ठीक पहले निर्वाचन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। चुनाव जीतने के लिए जनता को प्रलोभन देने और डराने वाले नेताओं की खैर नहीं। अगर मतदाता शिकायत करते हैं तो तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 12 मई को होने वाले मतदान के दौरान या पहले किसी भी प्रकार की शिकायत करने के लिए लोगों की सुविधा के मद्देनजर 1800 180 4815 और 1950 दो टोल फ्री नंबर शुरू किए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति को यदि अपने आसपास कुछ भी गलत होते पाता है तो वह इन नंबरों पर संपर्क कर सकता है। सही शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई उम्मीदवार या राजनीतिक पार्टी किसी मतदाता को लालच देने व भयभीत करने का प्रयास करती है तो उसकी शिकायत दो प्रकार से की जा सकती है। इसके लिए वह 1950 पर फोन कर सकते हैं या फिर सी-विजल पर उस शिकायत से संबंधित फोटो, वीडियो या शिकायत लोड की जा सकती है, जिस पर चुनाव आयोग की टीम त्वरित कार्रवाई करेगी।
सोना इत्यादि जब्त होने पर कर सकते हैं अपील
राजीव रंजन ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का पैसा एवं सोना इत्यादि मूल्यवान सामान जब्त किया जाता है और वह उसे गलत मानता है तो अपील कर सकते हैं। इसके लिए सभी जिलों में जिला परिषद के सीईओ की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। उनके पास सभी दस्तावेज को चेक करवा कर सामान वापस ले सकते हैं।