निर्वाचन आयोग इस लोकसभा चुनाव में सर्विस वोटरों को लेकर काफी गंभीर है। ये वोट मतगणना का हिस्सा बनें और समय पर जिला निर्वाचन कार्यालयों तक पहुंचे, इसके लिए विशेष इंतजाम किया गया है। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने इस बाबत सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उनका दावा है कि पूरी कोशिश रहेगी कि इस बार सर्विस मतदाताओं के वोट खराब न हों। हरियाणा में 31 जनवरी तक जुटाए गए डाटा के तहत सर्विस वोटरों की संख्या 93046 है। ये सर्विस वोटर हरियाणा के ही विभिन्न जिलों के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी कार्यरत हैं। इसमें से काफी संख्या में लोग अपने पोस्टल वोटिंग के जरिए चुनाव का हिस्सा भी बनते हैं।
लेकिन अभी तक होता यह था कि इन सर्विस वोटरों को उनके सर्विस स्टेशन पर साधारण डाक से ही बैलेट भेजा जाता था। सर्विस वोटर भी साधारण डाक से ही अपनी वोट निर्वाचन कार्यालयों को भेजते थे। ऐसे में समस्या ये आती थी कि बहुत से डाक तो मतगणना के बाद तक निर्वाचन कार्यालयों में पहुंचती थी। लेकिन इस बार बैलेट भेजने और वापस भिजवाने में कतई देरी नहीं होगी।
स्पीड पोस्ट का खर्च निर्वाचन आयोग उठाएगा
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि इस बार बैलेट ऑनलाइन माध्यम से सर्विस वोटरों के वर्तमान पोस्टिंग स्टेशनों पर पहुंचाए जाएंगे। बैलेट ऑनलाइन पहुंचने से सर्विस वोटर भी अपने मत का उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि बैलेट वापिस स्पीड पोस्ट के माध्यम से आएगा, जिसकी पूरी तरह से ट्रैकिंग की जाएगी और स्पीड पोस्ट का खर्च निर्वाचन विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।