चुनाव आयोग चंडीगढ़ ने कांग्रेस द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद रविवार को भाजपा प्रत्याशी किरण खेर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शिकायत में बताया गया है कि किरण खेर की ओर से 11 मई को सेक्टर-29 के एक पार्क में भाजपा और नरेंद्र मोदी के पक्ष में नाबालिगों के माध्यम से चुनाव प्रचार किया गया।
इसका एक वीडियो वायरल हुआ है। यह चुनाव आचार संहिता उल्लंघन है। इससे पूर्व में खेर तीन बार नोटिस जारी हो चुका है। दो में उन्हें क्लीन चिट मिल चुकी है जबकि एक का जवाब उन्होंने आज (रविवार) को ही दिया है। कांग्रेस के वकील पंकज चांद गोठिया ने शनिवार की देर शाम को शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 मई को भाजपा के जिला प्रवक्ता नरेश अरोड़ा को बच्चों की मदद से भाजपा, नरेंद्र मोदी और किरण खेर के पक्ष में चुनाव प्रचार करते देखा गया।
बच्चे स्थानीय भाजपा उम्मीदवार किरण खेर के पोस्टर पकड़े हुए थे। वह भाजपा और नरेंद्र मोदी के पक्ष में बच्चों का मार्गदर्शन करते और नारे लगाते देखे गए। शिकायत मिलने के बाद आयोग ने सांसद को नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे में जवाब मांगा है। इस संदर्भ में निर्वाचन कार्यालय के नोडल अधिकारी अनिल गर्ग ने बताया कि शिकायत का संज्ञान लेकर किरण ख्ेार को नोटिस जारी किया गया है।