लोकसभा चुनाव 2019 के प्रचार करने चंडीगढ़ पहुंचे राहुल गांधी ने चौकीदार चोर है के नारे पर सफाई देते हुए कहा कि यह नारा मेरा नहीं, जनता का है। सेक्टर 38 ग्राउंड में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा ने मेक इन इंडिया, स्टार्टअप के जरिए युवाओं को बेरोजगार कर दिया। राहुल ने मंच से मोबाइल दिखाते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि मोबाइल के पीछे मेड इन चाइना की जगह मेड इन चंडीगढ़ लिखा हो। चंडीगढ़ के युवा चाइना से मुकाबला करे।
विज्ञापन
शहर के युवा उद्यमी कमर कस लें। बिना किसी अनुमति के बिजनेस की तैयारी करें। राहुल गांधी वीरवार को शहर से कांग्रेस के प्रत्याशी पवन बंसल और आनंदपुर साहिब से कांग्रेस प्रत्याशी मनीष तिवारी के समर्थन में रैली करने पहुंचे। 28 मिनट के भाषण में राहुल गांधी ने स्थानीय मुद्दों के अतिरिक्त राफेल, नोटबंदी, भ्रष्टाचार, जीएसटी पर पीएम मोदी को घेरा। राहुल गांधी मंच पर आए तो तेज हवा चलने लगी। यह देखकर उन्होंने कहा, हवा बदल रही है और तूफान आने वाला है। यह तो सिर्फ रिहर्सल है, 23 मई को आने वाली आंधी में मोदी सरकार उड़ जाएगी।
उन्होंने कहा कि पीएम घबरा गए हैं, इसलिए उल्टा सीधा बोल रहे हैं। वह मेरे पिता, दादी के बारे में बोलेंगे, लेकिन मुद्दों पर बात नहीं करेंगे। मोदी सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी लागू कर एक झटके में लाखों युवाओं से नौकरी छीन लीं। वह सरकारी पदों पर खाली पड़ी 22 लाख युवाओं को नौकरी दिलाएंगे। राहुल ने कहा कि खुद को चौकीदार बता रहे मोदी ने अनिल अंबानी, विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चौकसी जैसों का भला किया।
विज्ञापन
पीएम डिबेट नहीं करते, करेंगे तो देश को चेहरा... तभी बंद हुआ माइक
राहुल गांधी ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कहा कि पीएम मोदी उनकेसाथ डिबेट करने से डरते हैं। राहुल ने कहा, 10-15 बार बोल चुका हूं कि नोटबंदी, भ्रष्टाचार, जीएसटी आदि पर वन-टू-वन डिबेट करें। पीएम चाहें तो 7 रेसकोर्स रोड या संसद में बहस कर सकते हैं। 15 मिनट वह बोलेंगे और 15 मिनट मैं। इसके बाद पीएम देश को चेहरा...तभी माइक बंद हो गया।
स्थानीय नेताओं के चेहरे की हवाइयां उड़ गई। बैकअप के रूप में नीचे रखा माइक उठाया गया लेकिन उसने भी काम नहीं किया। दो मिनट तक राहुल मंच खड़े रहे, इस दौरान पवन बंसल मोबाइल पर बात करते दिखे। दो मिनट बाद माइक चला तो राहुल ने बात पूरी की। कहा, पीएम देश को चेहरा नहीं दिखा पाएंगे।
राहुल गांधी ने बताया, कहां से आया चौकीदार चोर का नारा
चौकीदार चोर के नारे पर राहुल बोले कि यह नारा उनका नहीं बल्कि देशवासियों के दिल की आवाज है। राहुल ने यह भी बताया कि यह नारा कैसे ईजाद हुआ। उनके मुताबिक जब वह छत्तीसगढ़ में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे, तो उसी दौरान वह पीएम की योजनाओं के बारे में बोल रहे थे कि कैसे खुद को चौकीदार बताने वाले मोदी ने देश को ठगा है। इस बीच इस कार्यकर्ता बोल उठा कि चौकीदार तो चोर है। वहां से नारा उठा और पूरे देश में फैल गया।
न्याय के पैसों से खरीद सकेंगे शर्ट, मोबाइल, टूथ ब्रश व साड़ी
राहुल गांधी ने न्याय योजना की भी चर्चा की। उन्होंने कहा, जैसे चंडीगढ़ शहर प्लानिंग के तहत बनाया गया, उसी तरह हमने गरीबों को सहायता देेने की योजना बनाई है। इस दौरान राहुल ने रैली में उपस्थित पुरुषों से माफी मांगी और कहा कि वह माफ कर दें क्योंकि न्याय का 72 हजार रुपया महिलाओं के खाते में ही जाएंगे, क्योंकि महिलाएं प्लानिंग करने में माहिर होती हैं। उन्होंने कहा कि न्याय के पैसों से लोग शर्ट, मोबाइल, टूथ ब्रश, साड़ी, मोबाइल आदि खरीद सकेंगे। यह योजना देश की अर्थव्यवस्था में पेट्रोल, डीजल का काम करेगी।
लोकल मुद्दे पर क्या बोले
स्थानीय मुद्दों में हाउसिंग बोर्ड के मकानों को लेकर कहा कि उन्होंने अपने मेनिफेस्टों में लिखवाया है, सरकार बनते ही वह चंडीगढ़ वासियों को उनके मकान का मालिकाना हक दिलवाएंगे। इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर उन्होंने कहा, चंडीगढ़ के लोग शहर में एक इंटरनेशनल एयरपोर्ट देखना चाहते हैं लेकिन प्रधानमंत्री मोदी नहीं चाहते, इसलिए मंजूरी नहीं दे रहे हैं। राहुल ने कहा, चंडीगढ़ प्लानिंग के साथ बसाया गया शहर है। इसे इंटरनेशनल सेंटर होना चाहिए, कांग्रेस की सरकार आने पर यह बनेगा भी।