हरियाणा के लोकसभा चुनाव में किसानों की कर्ज माफी का दांव खेल दिया गया है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को फिर से उछालकर किसानों की साधने की कोशिश की है। पूर्व सीएम एवं सोनीपत सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बाद अब अन्य कांग्रेसी प्रत्याशियों ने भी सत्ता में आने के बाद किसानों का कर्ज माफ करने का वादा करना शुरू कर दिया है। बीते दिनों सोनीपत में एक जनसभा के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने खुल मंच से कहा था कि कांग्रेस सत्ता में आई तो किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।
उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल की याद दिलवाते हुए कहा कि प्रदेश में जब उनकी सरकार सत्ता में आई थी, तो किसानों के 1600 करोड़ के बिजली बिल माफ कर उन्हें बड़ी राहत दी गई थी। दरअसल, चुनाव से पहले भी इसी मसले को लेकर कांग्रेस लगातार विरोधियों को निशाने पर लिए हुए थी। अब पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की किसानों के लिए घोषणा पत्र तैयार को गठित विशेष कमेटी का चेयरमैन भी बनाया गया था।
विभिन्न राज्यों के किसानों से बातचीत करने के बाद हुड्डा की अध्यक्षता वाली इस समिति ने किसान कर्ज माफी को भी बड़ा मुद्दा बनाए जाने की सिफारिश की थी। इसी के चलते कांग्रेस अब हरियाणा में इसे बड़ा मुद्दा बनाने को तैयार है।