भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का कहना है कि देश नरेंद्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है। अगर फिर मोदी सरकार बनी तो कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा देगी भाजपा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को हरियाणा के सोनीपत और पानीपत जिले में रैलियां की। शाह को तीसरी रैली के लिए यमुनानगर जाना था, लेकिन मौसम की खराबी की वजह से जा नहीं पाए। अपनी दोनों ही रैलियों में अमित शाह ने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता राष्ट्रीय सुरक्षा है और देश नरेंद्र मोदी के हाथों में ही सुरक्षित है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कश्मीर को भारत से अलग करना चाहती है। लेकिन देश में अगर दोबारा मोदी सरकार आई तो जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 को हटाया जाएगा। कश्मीर से कन्याकुमारी तक जहां भी घुसपैठिये छिपे हैं, ढूंढ-ढूंढकर देश से बाहर निकाला जाएगा। अमित शाह ने कहा कि हमारे सैनिकों को मारने वाले पाकिस्तान से कांग्रेस बातचीत करके मामले को सुलझाने की सलाह देती है, लेकिन इस तरह की हरकत करने वाले पाकिस्तान से हम बातचीत नहीं करेंगे।
पाकिस्तान से बातचीत राहुल गांधी को मुबारक हो। पाकिस्तान से गोली आएगी तो जवाब में इधर से गोला ही जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया है। पुलवामा आतंकी हमले में हमारे 40 जवान शहीद हुए थे। इसके बाद हमारी एयरफोर्स ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक कर जवानों की शहादत का बदला लिया।
कांग्रेस जवानों का सिर काटने वालों के खिलाफ बोल भी नहीं सकती
शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकार में सैनिकों के सिर काटे जाते थे। देश के अंदर आतंकवादी आसानी से घुसकर खून बहाते थे। इसके बावजूद उस समय पीएम रहे मनमोहन सिंह के मुंह से एक शब्द भी नहीं निकलता था। अब ऐसा नहीं होगा। जिस तरह पुलवामा हमले का बदला पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को मारकर लिया गया, उसी तरह आगे भी जवाब दिया जाएगा।
शाह ने कहा कि पाकिस्तान वाले कांग्रेस के रिश्तेदार हैं क्या?
शाह ने कहा कि हम पाकिस्तान पर कार्रवाई करते हैं तो कांग्रेस को दुख होता है। पाकिस्तान वाले कांग्रेस के रिश्तेदार हैं क्या? एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की तरह ही कांग्रेस कार्यालय में भी मातम छा गया था। उन्होंने कहा कि कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला कहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में अलग पीएम होना चाहिए। मैं राहुल गांधी से इसका जवाब चाहता हूं, लेकिन वह जवाब नहीं दे रहे हैं। कांग्रेस कश्मीर में अलग प्रधानमंत्री चाहती है, लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता अपने जिंदा रहते ऐसा नहीं होने देंगे।
इसलिए भाजपा को वोट देना...
शाह ने कहा कि जब तक मोदी की सरकार है, तब तक देश के टुकड़े करने वाले जेल में जाएंगे। किसी भी प्रत्याशी को उसके काम के लिए वोट मत देना, लेकिन उसे इसलिए वोट जरूर देना कि मोदी ने देश को सुरक्षित किया है और मोदी के हाथों में आगे भी देश सुरक्षित रहेगा।
मोदी सरकार में ईंट का जवाब पत्थर से देने की क्षमता
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार पाकिस्तान की तरफ से आने वाली हर गोली का जवाब गोले से देगी। शाह ने कांग्रेस व सहयोगी दलों को देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले दल करार देते हुए कहा है कि पाकिस्तान को ईंट का जवाब पत्थर से देने की क्षमता सिर्फ मोदी सरकार में है। शाह रविवार को सेक्टर-27 के रामलीला मैदान में भाजपा प्रत्याशी किरण खेर के समर्थन में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि अगर चंडीगढ़ की जनता यहां से किरण खेर को जिताती है तो भाजपा कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा देगी। भाजपा जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और 35-ए को खत्म करना चाहती है, जबकि कांग्रेस देशद्रोह का कानून खत्म करना चाहती है, ताकि देश को टुकड़े-टुकड़े करने का सपना पाले बैठे देशद्रोहियों को बचाया जा सके। अमित शाह ने कहा कि देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है।
एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं तो दूसरी ओर बाबा (राहुल गांधी), बुआ और भतीजे की टोली है जो जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति के सहारे अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पुलवामा हमले के बाद जब भारत ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया तो पूरे देश ने जश्न मनाया और देश ने केंद्र सरकार के फैसले की सराहना की, लेकिन पाकिस्तान और कांग्रेस मुख्यालय में मातम छाया रहा। शाह ने कहा कि इससे पहले अमेरिका व इजराइल जैसे देश इस तरह के हमलों का बदले लेते थे, लेकिन अब भारत का नाम भी ऐसे देशों की सूची में शामिल हो गया है।
कैप्टन बताएं, पाक समर्थक सिद्धू के साथ हैं या देश के साथ : अमित शाह
भाजपा उम्मीदवार सनी देओल के पक्ष में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को एक चुनावी रैली के दौरान राहुल गांधी और कैप्टन अमरिंदर सिंह पर खूब तंज कसे। तय समय से डेढ़ घंटे देरी से रैली स्थल पर पहुंचे शाह ने स्टेज पर आते ही मोदी सरकार की 5 साल की उपलब्धियों को गिनवाया। उन्होंने कहा कि खुद को असली फौजी बताने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह नवजोत सिंह सिद्धू के पाकिस्तान के हिमायती बयानों पर अपना स्टैंड क्लियर करें।
शाह ने कहा कि सिद्धू पाक सेनाध्यक्ष से गले मिलते हैं, पुलवामा में 40 जवानों की शहादत के बाद कहते हैं कि आतंक के लिए कोई देश जिम्मेदार नहीं हो सकता। कैप्टन बताएं कि वह अपने मंत्री के पक्षकार हैं या देश के। 1984 दंगों पर अमित शाह ने कहा कि दंगों के जिम्मेदार सज्जन सिंह को कांग्रेस ने अपना बनाकर चुनाव लड़वाया, लेकिन मोदी सरकार ने दंगा पीड़ितों के साथ न्याय किया और सज्जन सिंह को मरते दम तक जेल में रहने की सजा दिलवाई।
आतंकी कांग्रेसियों के ममेरे-चचेरे भाई
अमित शाह ने कहा कि बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद पूरा देश जश्न में डूबा था, पर पाकिस्तान और कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में एक जैसा मातम पसरा था। कारण, सभी आतंकी कांग्रेसियों के ममेरे-चचेरे भाई जो ठहरे। जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम अमर अबदुल्ला द्वारा कश्मीर में अलग प्रधानमंत्री के बयान पर शाह ने कहा कि राहुल इस बयान पर अपना पक्ष स्पष्ट करें। शाह ने कहा कि मोदी सरकार आने पर जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को उखाड़ फेंकेंगी।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जैसे ही देश में गर्मी बढ़ने लगती है, राहुल गांधी विदेश चले जाते हैं, वह इतने गुप्त स्थान पर छुट्टियां मनाते हैं कि मां भी ढूंढती रह जाती है। अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को पवित्र व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा, बड़े बादल जैसा पवित्र बंदा दुनिया में नहीं मिलेगा, उन्होंने पंजाब को सींचा। इस दौरान उनके साथ सनी देओल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, स्वर्ण सलारिया, कविता खन्ना और प्रदीप रैणा समेत अन्य भाजपा नेता शामिल रहे।