खडूर साहिब लोकसभा सीट से अकाली दल-भाजपा की टिकट बीबी जागीर कौर को दिए जाने का असर होशियारपुर सीट पर होना तय है, जहां बीजेपी के लिए परेशानी होगी। बीबी जागीर कौर का अपना विधानसभा हलका भुलत्थ है, जो होशियारपुर लोकसभा सीट के अधीन आता है। 2014 में होशियारपुर लोकसभा सीट से सांसद विजय सांपला को बीबी जागीर कौर ने अपने विधानसभा हलका भुलत्थ से करीब 10 हजार की लीड दिलाई थी।
यहीं से मिली लीड सांपला की जीत का आधार बनी थी। बीबी जागीर कौर ने 2014 में विजय सांपला को अपने हलके भुलत्थ से 38 हजार 772 मत दिलाए थे, जबकि मोहिंदर सिंह केपी को 28 हजार 811 मत हासिल हुए थे। बीबी जागीर कौर का भुलत्थ में काफी दबदबा है और वह तीन बार विधायक रह चुकी हैं। 1997, 2002 और 2012 में बीबी ने भुलत्थ क्षेत्र में अकाली दल का परचम लहराया है और जीतकर वह मंत्री भी रह चुकी हैं।
2014 में सांपला को जीत दिलाने के लिए बीबी जागीर कौर ने दिन-रात एक कर दिया था। अब बीबी जागीर कौर को अकाली दल ने खडूर साहिब लोकसभा हलका में उम्मीदवार बना दिया है। बीबी जागीर कौर मंगलवार को ही लोकसभा खडूर साहिब की तरफ निकल गई है और उनके दामाद युवराज सिंह के अलावा तमाम निकटवर्ती समर्थकों ने मैदान संभाल लिया है।
बीबी जागीर कौर के खडूर साहिब की तरफ जाने से होशियारपुर में शिअद भाजपा उम्मीदवार की मुसीबत बढ़ने लगी है। यह सीट भाजपा की आरक्षित सीट है और इस सीट से अभी किसी के नाम की घोषणा नहीं की गई है।