हरियाणा में लोकसभा चुनाव 2019 शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों के 63,621 जवान तैनात किए जाएंगे। वीरवार को हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह डॉ. एसएस प्रसाद व पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी रेंज आईजी, पुलिस आयुक्तों, मंडलायुक्तों, डीसी और जिलों पुलिस प्रमुखों के साथ संसदीय चुनावों के लिए चुनाव तैयारियों की समीक्षा की।
एसएस प्रसाद ने चुनाव के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने व सक्रिय रहने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि रोहतक, चरखी दादरी और हांसी को छोड़कर सभी जिले अन्य पड़ोसी राज्यों के साथ सीमाएं सांझा करते हैं, इसलिए अधिकारी आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों की घुसपैठ को रोकने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं को पूरी तरह सील करें। 12 मई को होने वाले चुनाव के शांतिपूर्ण संचालन के लिए पड़ोसी राज्यों में अपने समकक्ष अधिकारियों के साथ भी बेहतर तालमेल बनाएं।