पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू
- फोटो : File Photo
देशभर में कांग्रेस के लिए प्रचार में जुटे पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को आखिरकार पंजाब में भी पार्टी के लिए प्रचार करने की इजाजत मिल गई। पार्टी की प्रदेश इकाई की चुनाव प्रचार मुहिम के प्रभारी व सीनियर नेता लाल सिंह ने मंगलवार को एलान किया कि नवजोत सिद्धू 12 मई के बाद पंजाब में सभी लोकसभा हलकों में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस दौरान सिद्धू हर रोज 2-3 रैलियों में हिस्सा लेंगे। इस संबंध में विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही घोषित कर दिया जाएगा। लाल सिंह ने कहा कि सिद्धू इन दिनों देशभर में कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और हरियाणा में 12 अप्रैल को मतदान के बाद वे पंजाब में चुनाव प्रचार में शामिल हो जाएंगे। उल्लेखनीय है कि नवजोत सिद्धू द्वारा पंजाब में कांग्रेस के प्रचार को लेकर प्रदेश इकाई द्वारा इनकार कर दिया गया था।
इसे लेकर सिद्धू भी काफी खफा हुए थे और उन्होंने यहां तक कह डाला था कि वह भी देखेंगे कि प्रदेश के नेता कितनी चुनावी रैलियां अपने दम पर करेंगे। सिद्धू ने इसके साथ ही यह भी कहा था कि पंजाब में कांग्रेस की हार हुई तो इसके लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पार्टी की प्रदेश प्रभारी आशा कुमारी भी जिम्मेदार होंगे।