फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इस सीट पर जिस पार्टी का बना सांसद उसी की बनी सरकार, दादा के गढ़ में पोती का इम्तिहान

Sat, 04 May 2019 06:00 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
कांग्रेस प्रत्याशी श्रुति चौधरी
विज्ञापन

हरियाणा में सबसे नीचे भूजल स्तर वाले जिलों में शुमार भिवानी। इसके उत्तर में हिसार, पूर्व में रोहतक, दक्षिण पूर्व में रेवाड़ी, पश्चिम और दक्षिण पश्चिम में राजस्थान। आइन-ए-अकबरी में भिवानी शहर का उल्लेख है। यह शहर मुगलों के काल से वाणिज्य का प्रमुख केंद्र रहा है। भिवानी के दक्षिण में स्थित महेंद्रगढ़ जिले पर पहले पृथ्वीराज चौहान के वंशज अंगपाल का साम्राज्य था। 

विज्ञापन


बाद में इस पर मराठों, नवाबों और ब्रिटिश शासकों ने शासन किया। आधुनिक महेंद्रगढ़ की स्थापना 1948 ई. में की गई। इसके उत्तर में भिवानी व रोहतक, पूर्व में रेवाड़ी व अल्वर, दक्षिण में सीकर व जयपुर और पश्चिम में सीकर व झुंझनू स्थित हैं। इन दोनों जिलों को मिलाकर ही भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट बनी है। 2008 में ही यह सीट अस्तित्व में आई।

इससे पहले भिवानी और महेंद्रगढ़ अलग-अलग लोकसभा सीट थीं। भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट अभी भाजपा के कब्जे में है। धर्मबीर सिंह यहां से सांसद हैं। चर्चित ये भी है कि जिस पार्टी का यहां सांसद बनता है, उसकी ही केंद्र में सरकार आती है। 2009 में यहां से कांग्रेस की श्रुति चौधरी जीती तो केंद्र में मनमोहन सरकार रिपीट हुई। 

विज्ञापन

भाजपा प्रत्याशी धर्मबीर सिंह
2014 में धर्मबीर ने जीत दर्ज की तो नरेंद्र मोदी सरकार दिल्ली में बनी। इस सीट पर जाट और यादव मतदाताओं का प्रभाव है। भिवानी-महेंद्रगढ़ को पूर्व सीएम बंसी लाल का गढ़ कहा जाता है। भिवानी से बंसी लाल तीन बार और उनके बेटे सुरेंद्र सिंह दो बार सांसद रह चुके हैं। कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी बंसीलाल की बहू और सुरेंद्र सिंह की पत्नी हैं तो श्रुति चौधरी पोती व बेटी। 

बीते चुनाव में श्रुति को करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस बार दादा के गढ़ में पोती का फिर कड़ा इम्तिहान है। चूंकि, उनके सामने दोबारा भाजपा सांसद धर्मबीर हैं। जजपा ने यहां से अमेरिका रिटर्न स्वाति यादव को उतारा है। इनेलो से बलवान सिंह मैदान में हैं। जिससे मुकाबला रोचक हो गया है। श्रुति इस बार धर्मवीर को कड़ी टक्कर दे रही हैं। 

धर्मबीर पहले चुनाव लड़ने से मना कर चुके थे, बावजूद इसके भाजपा ने उन्हें ही टिकट दिया। उनका इस बार विरोध भी है, उसी का फायदा उठाकर किरण चौधरी बेटी श्रुति की चुनावी नैया पार कराने में लगी हैं। यह चुनाव किरण की साख से भी जुड़ा हुआ है। इसलिए वह बेटी को जिताकर अपना दबदबा पार्टी में कायम रखना चाहती हैं। धर्मवीर मोदी फैक्टर, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत और जाट मतदाताओं के सहारे एक बार संसद की दहलीज लांघना चाह रहे हैं।

एक लाख से अधि वोटों से जीते थे धर्मबीर

जजपा प्रत्याशी स्वाति यादव
2014 के लोकसभा चुनाव में जाट नेता धर्मबीर ने यहां से इनेलो प्रत्याशी बहादुर सिंह को 1,29,394 मतों से हराकर शानदार जीत दर्ज की थी। धर्मबीर सिंह को कुल 4,04,542, इनेलो को 2,75,148 व श्रुति को 2,68,115 वोट मिले थे। श्रुति चौधरी तीसरे स्थान पर रही थीं। हालांकि, 2009 में श्रुति ने इनेलो नेता अजय चौटाला को हराया था।

छह विधानसभा क्षेत्र भाजपा के कब्जे में
भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट में भिवानी, दादरी, बाढड़ा, तोशाम, लोहारू, अटेली, महेंद्रगढ़, नारनौल और नांगल चौधरी 9 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमें से पांच विधानसभा क्षेत्र लोहारू, बाढड़ा, दादरी, भिवानी और तोशाम जिला भिवानी में हैं, जबकि 4 विधानसभा क्षेत्र अटेली, महेंद्रगढ़, नारनौल और नांगल चौधरी महेंद्रगढ़ में आते हैं।

भिवानी से घनश्याम सर्राफ, बाढड़ा से सुखविंद्र श्योराण, अटेली से संतोष यादव, महेंद्रगढ़ से रामबिलास शर्मा, नारनौल से ओमप्रकाश यादव व नांगल चौधरी से अभय यादव भाजपा विधायक हैं। दादरी से राजदीप फौगाट भाजपा विधायक हैं, उनका समर्थन जजपा को है, तोशाम से किरण चौधरी खुद विधायक हैं। लोहारू से ओमप्रकाश बरवा इनेलो विधायक हैं।
विज्ञापन

राव लगा रहे जोर, रामबिलास के लिए भी नाक का सवाल

श्रुति चौधरी
महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से राव इंद्रजीत दो बार सांसद रह चुके हैं। वह धर्मबीर के लिए जोर लगा रहे हैं। शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा महेंद्रगढ़ से विधायक हैं। भाजपा को यहां से जिताना उनके लिए नाक का सवाल बना हुआ है। डिप्टी स्पीकर संतोष यादव अटेली से हैं, उनकी साख भी दांव पर लगी हुई है।

भिवानी जिला जाट बहुल तो महेंद्रगढ़ में यादव ज्यादा
भिवानी जिले की पांचों विधानसभा सीटें जाट बहुल हैं, वहीं महेंद्रगढ़ जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र में यादव मतदाताओं की ज्यादा संख्या है। इस सीट के अंतर्गत करीब 3,60,000 जाट वोटर्स हैं तो यादव (अहीर) वोटर्स की संख्या लगभग 2,60,000 है। यहां 1,34,000 ब्राह्मण वोटर्स भी हैं। 

16 लाख से अधिक मतदाता तय करेंगे भविष्य
भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र में कुल 16 लाख 54 हजार 367 मतदाता हैं। जिनमें 8 लाख 89 हजार 989 पुरुष, 7 लाख 64 हजार 366 महिला और 12 ट्रांसजेडर वोटर्स हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें