फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोकसभा 2019: हरियाणा में जजपा और आप का गठबंधन तय, छोटे दल भी हो सकते शामिल

Thu, 11 Apr 2019 01:46 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
दुष्यंत चौटाला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हरियाणा में जननायक जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। नवरात्रों में ही दोनों दलों के बीच गठबंधन की घोषणा होगी। इस गठबंधन में कुछ छोटे दल भी शामिल हो सकते हैं, जो चुनाव न लड़कर जेजेपी और आप का समर्थन करेंगे। सूत्रों के अनुसार इस गठबंधन में बसपा को भी शामिल करने के प्रयास अभी तक जारी हैं। 

विज्ञापन


आप और जजपा के गठबंधन से कांग्रेस बाहर रहेगी। जेजेपी नेता व सांसद दुष्यंत चौटाला ने दो-तीन दिन के भीतर गठबंधन की तस्वीर साफ होने का दावा किया है। यहां पत्रकारों से बातचीत में दुष्यंत ने कहा कि जेजेपी ने लोकसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर तीन सदस्यीय कमेटी गठित की थी। इसमें राष्ट्रीय प्रधान महासचिव केसी बांगड़, हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह और कादियान शामिल थे।

 कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है, जिसे पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. अजय चौटाला को भेज दिया गया है। नवरात्र में ही गठबंधन की घोषणा कर देंगे। सीट शेयरिंग गठबंधन के दिन ही सार्वजनिक की जाएगी। गठबंधन की घोषणा के बाद 24 घंटे के भीतर उम्मीदवार भी घोषित कर देंगे। जेजेपी में ही अकेले 10 लोकसभा सीटों के लिए 122 नेताओं ने चुनाव लड़ने का आवेदन किया है।
विज्ञापन


कांग्रेस इस गठबंधन में नहीं होगी। चूंकि, 1971 में ताऊ देवीलाल ने कांग्रेस छोड़ी और उसके बाद लगातार उनके खिलाफ लड़ाई लड़ी। सूत्रों के अनुसार जेजेपी और आप का गठबंधन 12 या 13 अप्रैल को हो सकता है।

विज्ञापन

हिसार से चुनाव लड़ना प्राथमिकता, गठबंधन में कोई छोटा-बड़ा नहीं : दुष्यंत

सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हिसार लोकसभा सीट से ही चुनाव लड़ना उनकी प्राथमिकता है। हालांकि, अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान को करना है। गठबंधन में कोई दल छोटा बड़ा नहीं होता, सब बराबर होते हैं। जीत की क्षमता रखने के हिसाब से ही उम्मीदवारों को उतारेंगे। गठबंधन चौंकाने वाला होगा। 

चारों विधायकों ने अभी नहीं ली जजपा की सदस्यता
जजपा नेता दुष्यंत चौटाला ने बताया कि इनेलो के चार विधायक नैना चौटाला, अनूप धानक, राजदीप फौगाट व पिरथी सिंह नंबरदार उनकी पार्टी का समर्थन कर रहे हैं, उन्होंने अभी जजपा की सदस्यता नहीं ली है। जिस दिन सदस्यता लेंगे, उसी दिन इनेलो का विधायक पद छोड़ देंगे। चारों विधायक जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं और उनकी इच्छा अंतिम दिन तक जनता की सेवा करने की है।

दुष्यंत ने सवाल उठाया कि इनेलो के पत्र पर स्पीकर जेजेपी समर्थक चारों विधायकों को तो नोटिस जारी कर देते हैं, लेकिन चार साल से फरीदाबाद एनआईटी से विधायक नागेंद्र भड़ाना इनेलो से बागी हैं और भाजपा के कार्यक्रमों में शामिल होते हैं, उन पर कार्रवाई क्यों नहीं होती। 

इनेलो और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। चारों जजपा समर्थक विधायक अपना जवाब खुद स्पीकर को दे देंगे। विधानसभा सचिवालय का जो भी निर्णय आएगा, उस पर विधायकों के साथ चर्चा करेंगे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें