मातनहेल में हुई विजय संकल्प यात्रा के दौरान सीएम मनोहर लाल ने कांग्रेस की बस यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इनके तो मंच पर ही हमला हो जाता है। वो तो बस इतनी खैर मना रहे हैं कि ये 30 मार्च को इस बस से सभी सही सलामत उतरें। देश के बारे में सोचने का वक्त इनके पास नहीं है, ये तो कांग्रेस का ही भला नहीं कर सकते। रेवाड़ी से चली इनकी बस कैथल पहुंचने से पहले ही खाली हो चुकी है।
वहीं इनेलो व जेजेपी को लेकर सीएम ने कहा कि एक का चश्मा टूट चुका है तथा दूसरा चप्पल लिए घूम रहा है। दो फाड़ होने के बाद ये पार्टी खत्म हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही केवल देश का भला कर सकते हैं। मंच पर मुख्य तौर पर वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषिमंत्री ओपी धनखड़, सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, कोसली विधायक बिक्रम ठेकेदार, जिला प्रधान बिजेंद्र दलाल, विदेश सपंर्क प्रमुख प्रदीप अहलावत, लोकसभा प्रभारी अरविंद यादव, धर्मबीर हुड्डा, बलराज कुंडू, शमशेर खरकड़ा मौजूद रहे।
प्रत्याशी को लेकर नहीं खोले पत्ते
सीएम मनोहर लाल व अन्य वक्ताओं ने रोहतक लोकसभा के भावी प्रत्याशी को लेकर स्थिति साफ नहीं की। वहीं इसको लेकर सीएम से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा प्रत्याशी केवल कमल का फूल रहेगा। प्रत्याशी रैली के मंच पर मौजूद हो नहीं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।