मुख्यमंत्री ने हर 5 साल में जनादेश उत्सव में बढ़चढ़ कर मतदान की अपील करते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश महाशक्ति बना है। यही कारण है कि सभी देश के मुखिया पीएम मोदी से दोस्ती करना चाहते हैं। पीएम दिन-रात देश के गरीबों के लिए सोचते हैं।
सीएम ने अपनी सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि कांग्रेसी नेता कहते थे उन्होंने इतनी नौकरियां दे दी, जबकि वे कहते हैं कि हम नौकरी नहीं देते, बल्कि बच्चों ने योग्यता के बल पर नौकरी ली हैं।
पीएम मोदी की अगुवाई में देश सुरक्षित हाथों में है और उन्होंने पुलवामा हमले के बाद सेना को खुली छूट दे दी थी। जो आज तक किसी ने नहीं किया। सीएम ने कहा कि वे प्रदेश की ढाई करोड़ जनता को अपना परिवार मान कर सेवा कर रहे हैं। इनेलो नेताओं पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि एक चौधरी कहते हैं कि बिजली बिल न भरो। जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए।
हमने संस्कृति बदली है। लोग बिजली बिल भरकर पूरी बिजली पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के चौकीदार मोदी ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को बिगड़ने नहीं देंगे, प्रदेश में वे भी चौकीदार की तरह से गलत काम होने से रोक रहे हैं। अच्छे काम में बाधा नहीं आएगी। हर परिवार कैसे खुश हो, इसके लिए प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि 23 मई, कांग्रेस गई, अबकी बार 400 पार के साथ भाजपा सरकार बनाने जा रही है। जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर ने सीएम को विकास पुरुष बताते हुए कैथल के विकास के लिए आभार जताया।