रविवार को सोनीपत के खरखौदा में विजय संकल्प रैली के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चंद घंटों के नोटिस पर सोनीपत शहर में चार अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग वर्गों के लोगों के बीच अपनी बात रखी। अब सोमवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल रोहतक और हिसार लोकसभा क्षेत्र में चाय पर चर्चा के बहाने लोगों के मध्य पहुंचेंगे और उन्हें भाजपा के पक्ष में जाने के लिए प्रयास करेंगे।
रोहतक लोकसभा में तीन बजे तक शहरी-ग्रामीण क्षेत्र में होंगे जलपान कार्यक्रम
सोमवार को रोहतक लोकसभा के तहत रोहतक विधानसभा और महम विधानसभा में मुख्यमंत्री दोपहर तीन बजे तक जलपान के कार्यक्रम करेंगे, जिसमें भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा के साथ साथ सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर एवं क्षेत्रीय नेता भी रहेंगे।
अभी तक मुख्यमंत्री के रोहतक शहर में विभिन्न वर्गों में एक दर्जन से ज्यादा जलपान कार्यक्रम तय हो चुके हैं, जबकि इसके ठीक बाद मुख्यमंत्री महम विधानसभा के गांव मदीना, निंदाना, फरमाणा और महम शहर में पहुंचेंगे।
हिसार लोकसभा में साढ़े चार घंटे चलेगा अभियान
इस क्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल दोपहर 4 बजे से शाम 8:30 बजे तक हिसार में अलग-अलग स्थानों पर चाय पर चर्चा कार्यक्रम करेंगे। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के भी रहने की संभावना है।
हिसार में मुख्यमंत्री मनोहर लाल विश्वकर्मा धर्मशाला ऑटो मार्केट, सेक्टर 14 में कृष्ण मेनन एवं प्रद्युम्न महाजन, आजाद नगर में कबीर छात्रावास, पटेल नगर में गली नंबर 12 में राजेश प्रधान, रेड क्वायर मार्केट, सेनिया मोहल्ला में हरि सिंह सैनी, मिल गेट रोड पर रायपुर मिर्जापुर कैंची, बाबा बालक नाथ मंदिर दर्शन नगर, अर्बन एस्टेट मिड टाउन के पीछे राजेंद्र एन्क्लेव और होटल ग्रेस में अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत कर रहे हैं।