पंथ रत्न स्वर्गीय जत्थेदार गुरचरण सिंह टोहड़ा के दामाद और पूर्व मंत्री हरमेल सिंह टोहड़ा ने बुधवार को साफ किया कि अगर लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में गठजोड़ हुआ तो वह आप छोड़ देंगे। गौरतलब है कि टोहड़ा परिवार ने अकाली दल से नाराज होकर पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान आप का दामन थाम लिया था।
टोहड़ा ने कहा कि कांग्रेस के हाथ सिखों के खून से रंगे हैं। ऐसे में अगर आप की ओर से कांग्रेस के साथ गठजोड़ किया गया तो वह एक पल भी आप में नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि आप समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर रिवायती राजनीतिक पार्टियों के विरोध में पैदा हुई पार्टी है। लेकिन अब केजरीवाल कांग्रेस के साथ गठजोड़ करने के लिए उतावले हो रहे हैं। कहा कि केजरीवाल का यह फैसला दूर अंदेशी वाला नहीं है और यह भविष्य में पार्टी के लिए घातक साबित होगा।