हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने भले ही उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की हो मगर कांग्रेस के महासचिव और हरियाणा के प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने श्रुति चौधरी का हाथ उठाकर परिवर्तन रथ यात्रा कार्यक्रम में उम्मीदवार घोषित कर दिया। साथ ही वोट की अपील की और उनके नामांकन पर भी आने का भरोसा दिलाया।
पहली बार भिवानी में एक मंच पर आए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी, अशोक तंवर, कुमारी शैलजा ने भी श्रुति चौधरी को भावी उम्मीदवार बताया। वहीं भीड़ और कार्यक्रम से उत्साहित किरण चौधरी और श्रुति चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जीता दो, बाकी वे संभाल लेंगी।
दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे कांग्रेस की परिवर्तन रथ यात्रा भिवानी के हुडा पार्क मैदान में पहुंची। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद के नेतृत्व में भिवानी पहुंची कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा में शामिल नेता एकजुटता का संदेश देते नजर आए। वहीं पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने लोगों को संबोधित करते हुए वर्तमान सांसद पर कटाक्ष किए। इस अवसर पर विधायक जयबीर वाल्मीकि, विधायक कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री वासुदेव शर्मा, पूर्व विधायक शंकर भारद्वाज, सोमबीर, राम प्रताप शर्मा, प्रदीप गुलिया, संदीप तंवर, परमजीत मड्डू, अशोक, लाल सिंह, जगदीप सिंह व शीशराम आदि उपस्थित थे।
पुराने विवाद भुलाकर एक मंच पर आए है
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि हम सब पुरानी बातें भूलकर एक मंच पर आए हैं ताकि कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिले। विगत दिनों कांग्रेसी ही एक दूसरे को डूबोने में लगे थे जिसका खामियाजा भी उन्हें भुगतना पड़ा।
प्रधानमंत्री गेम नहीं नेम चेंजर हैं : आजाद
गुलाम नबी आजाद ने भाजपा सरकार व पीएम नरेंद्र मोदी पर प्रहार बोला और कहा कि प्रधानमंत्री को उनके सहयोगी गेम चेंजर कहते हैं जबकि वे नेम चेंजर हैं। अब तक कांग्रेस सरकार की 21 योजनाओं के नाम बदल चुके हैं।