कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार को आज दो वर्ष पूरे हो गए हैं। इसे अकाली-भाजपा गठबंधन विश्वासघात दिवस के रूप में मनाया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विरोध-प्रदर्शन किया। अमृतसर में दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कैप्टन सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरे। इसकी अगुवाई सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक ने की। मुक्तसर,बरनाला, अबोहर और लुधियाना में भी अकाली-भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया।
श्वेत मलिक ने कहा की कैप्टन सरकार से हर वर्ग दुखी है। कैप्टन ने हाथ में पवित्र गुटका साहिब लेकर नौजवानों, किसानों और आम जनता से झूठे वादे किए। किसान व युवाओं की भावनाओं से खिलवाड़ कर सत्ता हासिल की है। सूबे को नशामुक्त करना, घर-घर नौकरी, स्मार्टफोन, किसानों का कर्जा माफ और प्रापर्टी टैक्स खत्म करने समेत कोई भी वादा पूरा नहीं किया।