इस समागम में हिमाचल से बड़ी संख्या में संगत एक विशाल नगर कीर्तन के रूप में एसजीपीसी सदस्य डॉ. दलजीत सिंह भिंडर की अगुवाई में किला आनंदगढ़ साहिब में देर शाम पहुंची। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा तख्त श्री केसगढ़ साहिब की छत्रछाया में आयोजित इस छह दिवसीय मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इस मेले की आरंभता करते हुए तख्त श्री केसगढ़ साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघुवीर सिंह ने आरंभता की अरदास की। उन्होंने बताया कि दो पड़ावों में मनाए जाने वाले इस राष्ट्रीय पर्व के पहले पड़ाव की शुरुआत हो गई है। इस दौरान रखे श्री अखंड पाठ साहिब की संपूर्णता के भोग दो दिन बाद डालकर मेला यहां संपन्न होगा। इसके बाद श्री आनंदपुर साहिब में इस मेले के दूसरे पड़ाव की शुरुआत होगी।
सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
एसजीपीसी ने मेले में आने वाली संगत की सुविधा के पुख्ता प्रबंध करने का दावा किया है। एसजीपीसी सदस्य अमरजीत सिंह चावला और तख्त श्री केसगढ़ साहिब के मैनेजर जसवीर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए गुरुद्वारा श्री पतालपुरी साहिब में ठहरने के लिए टेंट सिटी का निर्माण किया गया है। गुरुद्वारा श्री पतालपुरी साहिब, गुरुद्वारा बाबा गुरदित्ता जी के अलावा अन्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे निगरानी रखेंगे। संगत के लिए कमेटी ने दुर्घटना बीमा भी करवाया है। कई स्थानों पर लंगर लगाए जाएंगे और धार्मिक दीवान सजाए जाएंगे।