अंत में किसानों के खेतों को किसान के भरोसे छोड़ दिया गया। खुद कुछ करने की बजाय सरकार की तरफ से किसानों से ही ताली और थाली बजवाने की अपील की गई। इसलिए राजस्थान के रास्ते पाकिस्तान की तरफ से आए टिड्डी दल ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात और फरीदाबाद में काफी नुकसान पहुंचाया। बाजरा, कपास, सौंठ और दूसरी फसलों को तबाह कर दिया।
नेता प्रतिपक्ष ने मांग उठाई कि सरकार सभी जिलों में हुए नुकसान की स्पेशल गिरदावरी करवाए। सरकार तुरंत किसानों को मुआवजे का भुगतान करे। पहले भी प्रदेश में कई बार बेमौसी बारिश और ओलावृष्टि से खेती को नुकसान हो चुका है। सरकार ने किसानों को उसका मुआवजा आज तक नहीं दिया। कभी कुदरत की बेरुखी, कभी टिड्डी का हमला, कभी सरकारी नीतियों की मार तो कभी पेट्रोल-डीजल की महंगाई का बोझ, किसान पर आज चौतरफा नुकसान की मार पड़ रही है।
टिड्डी दल से फसल नुकसान का मुआवजा दे सरकार: सैलजा
हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने टिड्डी दल के हरियाणा प्रदेश में दाखिल होने पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की नाकामियों के कारण आज प्रदेश के किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से टिड्डियों से किसानों की फसलों को बचाने के लिए तुरंत प्रभाव से कदम उठाने और जिन किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें बिना विलंब किए विशेष गिरदावरी करवाकर मुआवजा देने की मांग की है।