फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़: बापूधाम में मिले 12 नए कोरोना संक्रमित, पीयू प्रोफेसर की सास-बेटी समेत तीन डिस्चार्ज

Thu, 21 May 2020 11:55 AM IST
खुशबू गोयल वीणा तिवारी, चंडीगढ़
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

बापूधाम एक बार फिर शहर के लिए खतरे की घंटी बन गया है। गुरुवार सुबह एक बार फिर यहां कोरोना का बम फटा और 12 नए मरीज सामने आ गए। इनमें 9 मरीज एक ही मकान में जबकि तीन अलग-अलग मकानों में रहने वाले हैं। इन मरीजों में 23, 55, 22 और 40 वर्षीय महिलाओं के अलावा एक साल और 14 साल की दो बच्चियां जबकि 19, 18, 24, 25, 21, 18 वर्ष के युवक शामिल हैं। 

विज्ञापन


वहीं, सेक्टर-30 में 28 वर्षीय एक महिला पॉजिटिव मिली है। महिला की साढ़े तीन वर्षीय बच्ची कोरोना पॉजिटिव मिली थी, जबकि महिला निगेटिव थी। मां बच्ची की देखभाल कर रही थी। अब वह भी संक्रमित हो गई है। गुरुवार को कुल 13 नए मरीजों के मिलने के बाद शहर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 218 हो गई है। यह सभी मरीज जीएमएसएच-16 में भर्ती हैं। वहीं पीजीआई के कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल में 29 पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं, जिनमें से दो आईसीयू में हैं।
 


यह भी पढ़ें- चंडीगढ़: धीरे-धीरे पटरी पर आने लगा सार्वजनिक परिवहन, 16 रूटों पर सीटीयू की 47 बसें दौड़ीं
विज्ञापन

 

बता दें कि चार दिन के विराम के बाद 18 मई से बापूधाम में एक बार फिर लगातार कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल रहे हैं। इससे प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर स्वास्थ्य विभाग के अफसर भी चिंतित हो उठे हैं। कंटेनमेंट जोन घोषित कर इलाका सील करने के बावजूद बापूधाम में कोरोना की चेन टूटने का नाम नहीं ले रही।

गुरुवार को बापूधाम में 12 नए मरीजों के मिलने के बाद प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि अब भी यहां लोग लोग सोशल डिस्टेंसिंग और कोरोना से बचाव के मानकों को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं, जिसकी वजह से यहां कोरोना की चेन दिनोंदिन बढ़ती जा रही है।
 
एक दिन में आए 152 संदिग्ध मामले  
गुरुवार को शहर में कोरोना के 152 नए संदिग्ध मामले चिह्नित किए गए। इसमें से लगभग 125 संदिग्ध अकेले बापूधाम के हैं। लक्षणों के आधार पर कुछ संदिग्धों को जीएमएसएच-16 में भर्ती कर कोरोना टेस्ट के लिए नमूने ले लिए गए हैं। अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों का कहना है कि 14 से 17 मई के बीच पॉजिटिव मरीजों के साथ ही संदिग्ध मरीजों की रफ्तार भी काफी धीमी पड़ गई थी लेकिन कर्फ्यू हटने और पुरानी व्यवस्था बहाल होने के कारण सड़कों पर भीड़ बढ़ी है। नतीजतन अचानक से पॉजिटिव और संदिग्ध मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। 

पीजीआई से 24 और मरीजों को मिली, तीन घर, 21 गए सूद भवन

पीजीआई से गुरुवार सुबह कोरोना संक्रमित 24 और मरीजों को छुट्टी दे दी गई। इनमें से तीन तीन मरीजों को घर जबकि 21 को सूद धर्मशाला स्थित क्वारंटीन सेंटर भेजा गया। घर जानेवाले मरीजों में पीयू के प्रोफेसर की सास और बेटी के साथ पीजीआई की एक स्टाफ नर्स शामिल हैं। पीयू के प्रोफेसर के संक्रमित होने के बाद उसकी 56 वर्षीय सास और 8 साल की बेटी भी कोरोना की चपेट में आ गई थी, जिसके बाद उन्हें 12 अप्रैल को पीजीआई के कोरोना डेडीकेटेड हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। 

वहीं, पीजीआई के निवेदिता हॉस्टल में रहने वाली 27 वर्षीय स्टाफ नर्स के संक्रमित होने के बाद उसे 25 अप्रैल को कोरोना वार्ड में भर्ती किया गया था। पीजीआई से डिस्चार्ज होते समय मरीजों ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए डॉक्टरों का अभिवादन किया। इस दौरान उन्हें गुलदस्ता और कोरोना के योद्धाओं पर आधारित पोस्टर देकर शुभकामनाएं दी गईं। 

इस अवसर पर प्रोफेसर की बेटी ने पीजीआई में इलाज के दौरान डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की मेहनत और प्यार पर आधारित खुद की बनाई पेंटिंग डॉक्टरों को गिफ्ट की, जिसे देखकर सभी ने तालियां बजाकर उसे बधाई दी और उसके लिए स्वस्थ जीवन की कामना की। इनके अलावा चंडीगढ़ के 21 और मोहाली के दो मरीजों को नई गाइडलाइन के अनुसार क्वारंटीन किया गया। चंडीगढ़ के मरीज सूद धर्मशाला भेजे गए जबकि मोहाली के मरीजों को मोहाली स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया गया।  
विज्ञापन

वहीं शाम को पीजीआई से 21 अन्य मरीजों को कोरोना के लक्षण नहीं मिलने पर डिस्चार्ज किया गया, जिसमें 11 पुरुष व 9 महिलाएं शामिल हैं। इन सभी को डिस्चार्ज कर सेक्टर 22 स्थित सूद धर्मशाला में भेजा गया। इनमें सेक्टर 30, सेक्टर-25, सेक्टर-32, मौलीजागरां, सेक्टर-52, मनीमाजरा, मलोया, बापूधाम के मरीज शामिल हैं।

इन 21 मरीजों को दो सप्ताह के लिए सेक्टर-22 में क्वारंटीन सेंटर में रखा जाएगा। उस दौरान अगर उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं आए तो फिर उन्हें घर भेजा जाएगा। इन मरीजों को पीजीआई से जाते समय डायरेक्ट डॉ. जगतराम ने बधाई दी और कहा कि डॉक्टरों की सलाह का पूरी तरह पालन करें।  

श्री धन्वंतरि आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल से भी 17 मरीज डिस्चार्ज  
वहीं दूसरी तरफ  श्री धन्वंतरि आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल सेक्टर-46 से बुधवार व गुरुवार को 17 कोरोना के मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इन मरीजों को भी दो सप्ताह के लिए सूद धर्मशाला में रखा गया है। इन मरीजों का आयुष की गाइडलाइन के अनुसार तीन टाइम काढ़ा पिलाया गया और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।  
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें