गांव नाथूपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित चावल की पैकिंग के लिए जूट के बैग बनाने वाली दो कंपनियों में लगी भीषण आग से भारी नुकसान हुआ है। आग से तीन मंजिला कंपनियों की इमारत भी दहल गई। साथ ही फैक्टरी के अंदर कच्चा व तैयार माल और मशीन भी जल गई। फायर ब्रिगेड की 24 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि बेसमेंट में अभी आग धधक रही है। जिस पर पूरी तरह काबू पाने का प्रयास जारी है। बिल्डिंग की आग पर काबू पाने में करीब 11 घंटे का समय लग गया।
नाथूपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ज्योति पैकिंग व यूनिक पैकिंग के नाम से दो कंपनी हैं। एक साथ स्थित दोनों कंपनियों में जूट से चावल की पैकिंग के लिए बैग तैयार किए जाते हैं। ज्योति पैकिंग कंपनी के मालिक कशिश अग्रवाल ने बताया कि वीरवार तड़के करीब तीन बजे अचानक बिजली जाने के बाद दोबारा आई तो फैक्टरी में आग लग गई। कंपनी में सो रहे कर्मियों ने उन्हें मामले से अवगत कराया। आग दोनों कंपनियों के बीच में लगे बिजली पैनल के पास लगी थी। जिससे आग ने दोनों कंपनियों को अपनी चपेट में ले लिया।
कुछ देर में ही आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। पहली मंजिल से शुरू हुई आग ने ऊपर की मंजिल के साथ ही बेसमेंट को भी अपनी चपेट में ले लिया। जूट के बैग व गट्ठों में आग के कारण कुछ देर में ही आग पूरी तरह से भड़क गई। कर्मियों ने बाहर भागकर जान बचाई। आग की सूचना फैक्टरी मालिक व फायर ब्रिगेड व पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काबू पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया, लेकिन काबू नहीं पाया जा सका। जिस पर राई, कुंडली व सोनीपत के साथ ही गन्नौर, गोहाना, पानीपत, रोहतक व नरेला से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलवाया गया।
करीब 24 गाड़ियों ने 11 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि बेसमेंट में रखे कच्चे मॉल में आग शाम तक धधक रही थी। उस पर काबू पाने का प्रयास जारी था। आग से कंपनियों में रखा कच्चा व तैयार माल तथा मशीन तक जल गई। आग से फैक्टरी मालिक को भारी नुकसान हुआ है। हालांकि आग पर पूरी तरह से काबू पाने व जांच के बाद ही नुकसान का सही आंकलन हो सकेगा।