संधू के अनुसार, नगर निगम फगवाड़ा के ईआरओ द्वारा तैयार की गई वोटर सूचियों में कमियां सामने आई हैं। इस कारण वोटर सूचियां दोबारा तैयार करने के बाद ही नगर निगम फगवाड़ा के चुनाव करवाए जाएंगे।
चुनाव के दौरान कोविड नियमों का होगा पालन : संधू
संधू ने कहा कि कोविड-19 के मद्देनजर पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान कोविड संबंधी एसओपी और विस्तृत दिशा-निर्देश का पालन किया जाएगा। कोविड-19 से निपटने के लिए 1.65 करोड़ रुपये अलॉट किए गए हैं। राज्यभर में चुनाव ड्यूटी के लिए तैनात अमले को मास्क, सैनेटाइजर, तापमान मापने वाले उपकरण और दस्ताने मुहैया करवाए जाएंगे।
आप ने निगम और पंचायत चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल
आम आदमी पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया पर प्रश्न चिह्न खड़े किए हैं। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि राज्य चुनाव आयोग ने कैप्टन सरकार के इशारों पर वोटिंग और नतीजों के दरमियान तीन दिन का समय रखा है। जिससे इन चुनावों में सरकार की धांधली का पर्दाफाश हो गया है।
उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि वोटिंग के बाद नतीजे घोषित करने में इतना लंबा समय लगेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार भी अकालियों के नक्शे कदम पर चलती हुई इन चुनाव को सत्ता के जोर से लूटना चाहती है। चीमा ने कहा कि इन चुनाव में हर वार्ड में करीब 3500 वोटर होते हैं और इतनी वोटों की गिनती करने के लिए दो घंटे से अधिक समय नहीं लगता।
राज्य चुनाव आयुक्त जगपाल सिंह संधू ने बताया कि आठ नगर निगमों में चुनाव होंगे। इनमें गुरदासपुर, कपूरथला, साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली), होशियारपुर और फाजिल्का जिले का अबोहर नगर निगम शामिल है। नगर निगम अमृतसर के वॉर्ड नंबर 37 आरक्षित में उपचुनाव होंगे।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा अमृतसर जिले के अजनाला, रमदास, रईआ, मजीठा और जंडियाला गुरु में नगर परिषद /नगर पंचायत के लिए मतदान कराया जाएगा जबकि तरनतारन जिले के भिखीविंड और पट्टी, गुरदासपुर जिले में गुरदासपुर, श्री हरगोबिंदपुर, फतेहगढ़ चूड़ीयां, धारीवाल, कादियां और दीनानगर, पठानकोट जिले के सुजानपुर में ये चुनाव करवाए जा रहे हैं।
जालंधर जिले के नकोदर, नूरमहल, फिल्लौर, करतारपुर, अलावलपुर, आदमपुर, लोहियां और महतपुर में चुनाव करवाए जा रहे हैं। वहीं, कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी और होशियारपुर जिले के दसूहा, मुकेरियां, उड़मुड़ टांडा, गढ़शंकर, गढ़दीवाला, हरियाना और शामचौरासी में भी मतदान होंगे। शहीद भगत सिंह नगर के नवांशहर, बंगा और राहों के अलावा लुधियाना जिले के खन्ना, जगरावं, समराला, रायकोट, दोराहा और पायल में भी नगर परिषदों/नगर पंचायतों के लिए वोट डाले जाएंगे।
रूपनगर जिले के रूपनगर, आनंदपुर साहिब, कीरतपुर साहिब, नंगल, मोरिंडा और चमकौर साहिब जबकि फतेहगढ़ साहिब जिले में सरहिंद, फतेहगढ़ साहिब, गोबिंदगढ़, बस्सी पठाना, खमाणो और पटियाला जिले के राजपुरा, नाभा, समाना, पातड़ां व संगरूर जिले में मलेरकोटला, सुनाम, अहमदगढ़, धुरी, लहरागागा, लोंगोवाल, अमरगढ़, भवानीगढ़ में चुनाव होंगे।
बरनाला जिले में बरनाला, साधू, भदौड़, धनौला के अलावा साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) के खरड़, जीरकपुर, डेराबस्सी, कुराली, नयागांव और लालड़ू जबकि बठिंडा जिले के भुच्चो मंडी, गोन्याना, मोड़, रामा, कोटफत्ता, संगत, कोठेगुरु, महिराज, कोटशमीर, लहरा मोहब्बत, भाईरूपा, नथाना, मलूका और भगता भाईका में भी वोट डाले जाएंगे।
मानसा जिले में मानसा, बुढलाडा, बरेटा, बोहा और लायक के अलावा श्री मुक्तसर साहिब जिले में मुक्तसर, मलोट, गिद्दड़बाहा जबकि फिरोजपुर जिले के फिरोजपुर, गुरुहरसहाए, जीरा, तलवंडी भाई, मुदकी, ममदोट और फाजिल्का जिले में फाजिल्का, जलालाबाद, अरनीवाला शेख सुभान में चुनाव होंगे। फरीदकोट जिले के फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो के अलावा मोगा जिले के बद्धनीकलां, कोट इस्से खान और निहाल सिंह वाला में भी वोट डाले जाएंगे।
राज्य के दो नगर पंचायतों/नगर परिषदों के तीन वार्डों में उपचुनाव करवाए जा रहे हैं। इनमें होशियारपुर जिले का वार्ड नंबर 1 महिलाओं के लिए आरक्षित और वार्ड नंबर 11 एससी के लिए आरक्षित है। लुधियाना जिले के मुल्लापुर दाखां के वार्ड नंबर 8 में भी मतदान होगा।