मोहाली जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना को अमलीजामा पहनाने की कवायद शुरू कर दी है। जिले भर में इस योजना के तहत 1568 छोटे कारोबारियों को करीब 13.14 करोड़ के कर्ज बिना किसी गारंटी के कम ब्याज पर दिए जाएंगे।
जिला लीड बैंक पंजाब नेशनल बैंक की ओर से समागम करवाया गया। जिसमें एडीसी-विकास भूपिंदर सिंह ने कारोबारियों को मंजूरी पत्र दिए। उन्होंने करीब डेढ़ सौ कारोबारियों को विभिन्न बैंकों द्वारा मंजूर किए गए कर्ज के मंजूरी पत्र सौंपे।
एडीसी भूपिंदर सिंह ने कहा कि छोटे कारोबारियों की आर्थिकता मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने यह योजना शुरू की है। जिसमें हुनरमंद छोटे कारोबारियों को बैंक कर्ज देंगे। शिशु लोन स्कीम के तहत पचास हजार रुपये का कर्ज दिया जाएगा। जबकि, किशोर लोन स्कीम के तहत पचास हजार से पांच लाख रुपये तक का कर्ज लिया जा सकता है।
वहीं, तरुण लोन स्कीम के तह पांच से दस लाख रुपये का कर्ज दिया जाएगा। जिले में शिशु लोन स्कीम के तहत 1317 कारोबारियों की पहचान की गई है। वहीं, किशोर लोन स्कीम के तहत 201 कारोबारी और तरुण लोन स्कीम के तहत पचार कारोबारी चिह्नित किए गए हैं।
एडीसी ने सभी बैंकों के जिला को-ऑर्डिनेटरों को निर्देश दिए कि इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए समर्पित भावना से काम करें। साथ ही कारोबारियों से कहा कि वे उसी काम पर कर्ज रकम खर्च करें जिससे उनकी आय में बढ़ोतरी हो सके। वे निश्चित समय में अपना कर्ज चुकाएं।
जिला लीड मैनेजर आरके सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत कारोबारियों को अपने धंधे शुरू करने के लिए कम ब्याज पर लोन मुहैया करवाए जाएंगे। इसके तहत ऑटो मैकेनिक, डेंटिंग-पेंटिंग, वेल्डिंग, सिलाई, मिठाई व नमकीन बनाने, फोटोग्राफी-विडियोग्राफी, फ्रिज व टीवी रिपेयर, मोबाइल रिपेयर, ड्राईक्लीन, एक्सरे-अल्ट्रासाउंड यूनिट समेत कई कारोबार करने के लिए लोन दिए जाएंगे।