टीवी विज्ञापनों की बदौलत ही बॉलीवुड इंडस्ट्री में आज मुझे नई पहचान मिल रही है। खासतौर पर ‘ये दिल मांगे मोर’ एड।
एक टाइम था जब यह एड काफी फेमस हुई थी और मैंने ही इसे अपनी आवाज दी थी। यह कहना है बॉलीवुड गायक विजय प्रकाश का।
पेक फेस्ट के आखिरी दिन रविवार को वे लाइव परफॉर्मेंस के लिए वे शहर आए थे।
बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगिंग में उभरते हुए गायक विजय का करियर टीवी विज्ञापनों से शुरू हुआ। दिलचस्प बात है कि वे 10 हजार से ज्यादा विज्ञापनों में अपनी आवाज दे चुके हैं।
विजय प्रकाश ब्लू, चीनी कम और युवराज जैसी फिल्मों में गीत गा चुके हैं। ऑस्कर विनिंग फिल्म स्लमडॉग मिलेनियर के गाने जय हो में भी उन्होंने सुखविंदर के साथ गाया था।
विजय ने कहा कि ऑस्कर अवार्ड की खुशी बेहद अलग थी और वो पल उन्हें हमेशा याद रहेंगे। ऑस्कर अवार्ड्स समारोह में बाकी टीम के साथ वे भी मौजूद थे।
19 साल बाद आया हूं चंडीगढ़
विजय ने बताया कि उन्हें 19 साल बाद चंडीगढ़ आने का मौका मिल रहा है। 1994 में वह एनसीसी कैंप के लिए चंडीगढ़ आए थे। उस समय उन्होंने सोचा भी नहीं था कि इस शहर में दोबारा वह एक गायक के रूप में वापस आएंगे।