चंडीगढ़ में नाले में गिरकर ढाई साल की बच्ची की मौत हो गई। फिलहाल बच्ची की मौत के कारणों की जांच चल रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच-32 में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार फैदां गांव में रहने वाले गुड्डू की इकलौती ढाई साल की बेटी शिवानी घर के बाहर खेल रही थी। बच्ची के पिता की झुग्गी नाले के पास ही है। परिवार के सदस्य अपने कामों में व्यस्त थे। तभी बच्ची खेलते हुए नाले के पास चली गई और उसमें गिर गई।
काफी देर तक जब परिवार के सदस्यों को बच्ची की आवाज नहीं आई तो वह उसे आसपास ढूंढने लगे। तभी उनकी नजर गंदे नाले में गिरी बच्ची पर पड़ी। इसके बाद परिवार ने आस पड़ोस के लोगों की मदद से नाले से बच्ची को निकालने की कोशिश की। लेकिन वह नाले के बीच काफी गहराई की जगह पर थी।
इसके बाद परिजनों ने पुलिस को फोन कर हादसे की सूचना दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची को नाले से निकाला गया। शिवानी घर की इकलौती लड़की थी। बच्ची का पिता गुड्डू सब्जी की रेहड़ी लगाता है।
सेक्टर-31 पुलिस स्टेशन के एसएचओ जसबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को दोपहर करीब 1.30 बजे नाले में बच्ची के गिरने की सूचना मिली थी।
सूचना पर पुलिस ने बच्ची को नाले से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने बच्ची को मृत बता दिया। बच्ची का शव जीएमएसएच-32 अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्ची खेलते हुए नाले में गिरी थी।