चंडीगढ़ के खुड्डा अली शेर में उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब लोगों ने बच्चों को बमशेल से खेलते हुए देखा। बच्चों को उसकी जानकारी नहीं थी, वे इसे खिलौना समझकर खेल रहे थे। आनन-फानन में सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार घटना खुड्डा अलीशेर के जंगल एरिया में की है। गांव के छोटे बच्चे उस इलाके में पतंग उड़ाने गए थे। इस दौरान वहां उनको बमशेल मिल गया। बच्चों ने उसको खिलौना समझा और उससे खेलते -खेलते गांव की तरफ आ गए। वहां एक राहगीर की नजर उस बमशेल पर पड़ी।
इसके बाद उसने बच्चों को भगा दिया और इसकी सूचना गांव के अन्य लोगों को दी। प्रत्यक्षदर्शी गुरदयाल सिंह ने बताया कि बम मिलने की सूचना सेक्टर-11 थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और बम को कब्जे में ले लिया।
गुरदयाल सिंह ने बताया कि कई साल पहले जंगल के पास शूटिंग रेंज था। पहले भी यहां से बम मिल चुके हैं। इनसे कई लोगों की जान भी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इसको गंभीरता से लेकर सर्च अभियान चलाना चाहिए।
बमशेल की बम निरोधक दस्ते से जांच करवाने के बाद थाना पुलिस के कब्जे में रखा गया है। इसकी सूचना चंडीमंदिर आर्मी कैंटोनमेंट को दी गई है। जल्द ही सेना की टीम इसको ले जाकर जांच करेगी।
- नरेंदर पटियाल, सेक्टर-11 थाना प्रभारी