हरियाणा में कांग्रेस की मंगलवार को जारी होने वाली सूची अटक गई है। टिकटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस में बड़े नेता आपस में अड़ गए हैं। जिन लोगों के टिकट कटे हैं उनके समर्थकों ने भी प्रदर्शन करने का मन बना लिया है। दिल्ली में अशोक तंवर के समर्थकों ने भी नारेबाजी की है। मामला अंबाला संसदीय सीट को लेकर भी फंसा हुआ है।
बताया जा रहा है कि सूची आज जारी की जाएगी। दो अक्तूबर को छुटटी होने के कारण नामांकन वैसे भी नहीं भरा जा सकता जिसके बाद केंद्रीय नेतृत्व ने यह राय दी है कि सूची बुधवार को जारी कर वीरवार और शुक्रवार को नामांकन करवाया जाए।
सूत्रों के मुताबिक कुमारी सैलजा अंबाला संसदीय सीट में किसी का हस्तक्षेप नहीं चाह रही हैं। उनका कहना है कि अंबाला उनका संसदीय क्षेत्र रहा है लिहाजा यहां के टिकट उनके हिसाब से दिए जाएंगे।
जबकि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा अंबाला से पूर्व विधायक निर्मल सिंह की बेटी चित्रा सरवारा के टिकट को लेकर अड़े हैं। इसके अलावा भी अंबाला की कई सीटें हैं जिनको लेकर पेंच फंसा है। जिसमें नारायण गढ़ और साढौरा सीट भी शामिल है। दोनों नेता यहां से अपने- अपने करीबियों को टिकट देना चाह रहे हैं।
सांगवान और ईश्वर सिंह ने अलविदा कहा
कांग्रेस के पुराने नेता सतपाल सांगवान और ईश्वर सिंह जजपा का दरवाजा खटखटा चुके हैं। दोनों नेताओं ने कांग्रेस छोड़ कर दुष्यंत में आस्था जता दी है। सांगवान हुड्डा की करीबियों में से माने जाते हैं और ईश्वर सिंह कुमारी सैलजा के, लेकिन दोनों नेताओं को जब टिकट पक्की होती नहीं दिखी तो उन्होंने पार्टी को अलविदा कह दिया।
अशोक तंवर भी चाह रहे टिकटें
डा.अशोक तंवर ने हरियाणा से टिकट चाहने वाले कांग्रेसियों की लंबी चौड़ी सूची आलाकमान को सौंप दी है। तंवर चाह रहे हैं कि पांच साल तक उनके साथ जुड़े रहे समर्थकों को भी टिकट मिले। ऐसे में हुडडा खेमा उनके खाते से एक भी टिकट नहीं जाने देना चाहता है। लिहाजा तंवर और हुडडा खेमें में एक बार फिर से ठन गई है।