जगरांव। पुलिस ने चंडीगढ़ से सस्ती शराब लाकर जगरांव और आसपास के इलाकों में सप्लाई करने वाले एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी गगनदीप सिंह उर्फ गगना, निवासी कोठे राहला, को उसकी स्विफ्ट कार समेत दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान कार से 50 पेटियां विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई से स्थानीय प्रशासन ने शराब तस्करी पर शिकंजा कसने की अपनी सक्रियता दिखाई है।
बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गगनदीप लंबे समय से शराब तस्करी में लिप्त है। आरोपी खेती-बाड़ी और रेत-बजरी के कारोबार की आड़ में शराब की सप्लाई करता था। सूचना के आधार पर पुलिस ने कोठे खजूरा रोड पर नाकाबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
जांच अधिकारी ने बताया कि गगनदीप पहले भी नशा और शराब तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। जेल से निकलते ही उसने तस्करी का धंधा दोबारा शुरू कर दिया था। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और सप्लाई चैन की गहन जांच कर रही है। थाना सिटी जगरांव में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।