चंडीगढ़। अभी भी घरेलू सिलिंडर की लाइनें खत्म नहीं हुईं हैं और कॉमर्शियल सिलिंडर की किल्लत जारी है। खास बात यह है कि जो लोग लाइनों में लगे हैं उनमें से ज्यादातर नियमित उपभोक्ता हैं। कई एजेंसियों में यही हालात चल रहे हैं। शहर में 26 गैस एजेंसियां हैं। ज्यादातर में सुबह से घरेलू के लिए लाइन और कॉमर्शियल सिलिंडर के लिए मिन्नतें शुरू हो जाती हैं।
दूसरी ओर कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई सीमित होने के कारण अब होटल और रेस्टोरेंट के लोग इंडक्शन और डीजल भट्टी के साथ इलेक्ट्रिक भट्ठी का प्रयोग करना शुरू कर चुके हैं। चंडीगढ़ सेक्टर-35, सेक्टर-43, सेक्टर-7 और 26 के रेस्टोरेंट चेन में से ज्यादातर ने यही माध्यम अपना लिए हैं। सबसे ज्यादा समस्या स्ट्रीट वेंडरों को हो रही है जो न तो इंडक्शन लगा सकते हैं न ही इलेक्ट्रिक भट्ठी।
कामा रेस्टोरेंट के मैनेजर गुलाब सिंह ने बताया कि इंडक्शन के प्रयोग से ही ज्यादा काम चल रहा है। दूसरी ओर मेट्रो के मालिक अरविंदर सिंह ने बताया कि इंडक्शन और इलेक्ट्रिक भट्ठी के संग गैस का प्रयोग किया जा रहा है। जिससे अभी उनका काम चल रहा है।
जीएसटी के साथ दें खपत की जानकारी
अब कॉमर्शियल सिलिंडर लेने के लिए जीएसटी डिटेल के साथ सिलिंडर की खपत की जानकारी देनी होगी। गैस कंपनियों ने कालाबाजारी रोकने के लिए गैस एजेंसियों से यह जानकारी मांगी है। जिससे जरूरत के अनुसार कॉमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध करवाए जा सकें। कुछ जगह एक से दो दिन के अंतराल में सीमित कॉमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
हमने 18 फरवरी को सिलिंडर बुक करवाया था लेकिन अब तक हमको सिलिंडर नहीं मिला है। हमको रोजाना यहां आना पड़ रहा है। कम से कम घरेलू सिलिंडर की बुकिंग की व्यवस्था तो ठीक करें।-विशाल कुमार,हल्लोमाजरा
दो माह से मैं सिलिंडर के लिए परेशान हो रही थी। मुझको आज सिलिंडर मिला है। इस दौरान मैं कई बार गैस एजेंसी आ चुकी हूं। लेकिन यहां आने का कोई फायदा नहीं होता। -सोमवती,रामदरबार, कोट्स
बुकिंग करवाई थी तो बुकिंग नहीं हो रही थी। एजेंसी ने कहा कि बुकिंग हो गई है। दोबारा आया तो पता चला कि बुकिंग हुई ही नहीं थी। इसी वजह से अब तक लाइन में लगे हैं। -पंकज कुमार, हल्लोमाजरा