मोहाली। एयरपोर्ट जाने वाली सड़क पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार कार के सामने अचानक एक नीलगाय आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बेकाबू होकर घूम गई और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार लोग बाल-बाल बच गए, जबकि नीलगाय गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा सेक्टर-80 और सेक्टर-88 के बीच उस क्षेत्र में हुआ, जहां आसपास घना झाड़ीदार और जंगली इलाका है। इस कारण अक्सर जंगली जानवर सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। घटना के बाद घायल नीलगाय लंबे समय तक सड़क पर तड़पती रही। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत स्थानीय सामाजिक संस्था गौ ग्रास सेवा समिति को सूचना दी। सूचना मिलते ही समिति की काउ एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल नीलगाय का उपचार शुरू किया गया। हालांकि उसकी हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
मौके पर मौजूद गगन शर्मा ने बताया कि वह सुबह ड्यूटी से लौट रहे थे, तभी अचानक नीलगाय सड़क पर आ गई और तेज रफ्तार कार उससे टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वाहन घूम गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई लेकिन वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सेक्टर-80 और 88 के आसपास जंगली जानवरों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में चेतावनी संकेत, स्पीड कंट्रोल उपाय और सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।