प्रॉपर्टी किराये पर देने और लेने वालों की सुविधा के लिए चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के प्रॉपर्टी डीलर्स ने ट्राइसिटी लीजिंग एसोसिएशन का गठन किया है।
एसोसिएशन का गठन और इसके काम करने के तरीके के बारे में शुक्रवार को एसोसिएशन के सदस्यों ने इंडस्ट्रियल एरिया के एक निजी होटल में जानकारी दी।
एसोसिएशन के प्रेसिडेंट इंद्रजीत सिंह ने बताया कि एसोसिएशन मुख्य रूप से लोगों को रिहायशी, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रॉपर्टी लीज पर दिलाती है।
यह प्रॉपर्टी मालिक और किराएदार के बीच एक कड़ी के रूप में काम करते हुए होने आने वाली समस्याओं को हल करेगी। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन फासवेक और व्यापार मंडल के साथ मिलकर काम करेगी।
ये काम करेगी एसोसिएशन
इंद्रजीत सिंह ने बताया कि एसोसिएशन ट्राइसिटी में लीजिंग को बढ़ावा देने, नियम और शर्तों में समानता लाने, रजिस्टर्ड मेंबरों से डीलिंग कराने, लोगों से जरूरत के अनुसार फॉर्म भराने, किरायेदारों की पुलिस वेरिफिकेशन करवाकर देने, रिहायशी प्रॉपर्टी के किराये में प्रति वर्ष 5 प्रतिशत और व्यावसायिक प्रॉपर्टी में 7 प्रतिशत की वृद्धि सुनिश्चित करने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
इसके अलावा रिहायशी प्रॉपर्टी के लिए 2 और व्यावसायिक प्रॉपर्टी के लिए 3 महीने की सिक्योरिटी सुनिश्चित कराना, फर्निश़िग कॉस्ट इन्वेस्टमेंट का 3 प्रतिशत सुनिश्चित करना, प्रॉपर्टी मालिकों और किरायेदारों को लीज डीड रजिस्टर कराने और इसका खर्च 50-50 शेयर करने के लिए जागरूक करना है।
वहीं टोकन के समय लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) कराना, प्रापर्टी मालिकों व किरायेदारों को 1-1 महीने का किराया कमीशन के रूप में एसोसिएशन के उस सदस्य को देना होगा जो उनके बीच सौदा कराएगा।
इस मौके पर संगठन के सदस्य जनरल सेक्रेटरी सुदीप सचदेवा, वाइस प्रेजिडेंट किरपाल कटारिया, ट्रेजरर गुरांचल सेठी व ज्वाइंट सेक्रेटरी बरिंद्र छाबड़ा भी मौजूद रहे।
एसोसिएशन से अभी तक 80 सदस्य बन चुके हैं। सामाजिक कार्य भी करेगी एसोसिएशन एसोसिएशन के सदस्यों के अनुसार वह सामाजिक कार्य भी करेंगे। इसके तहत रक्तदान शिविर लगाना, स्वच्छता अभियान, शारीरिक रूप से अक्षम और ओल्ड एज होम में रहने वालों के लिए दान जैसे कार्य भी किए जाएंगे। वहीं स्वच्छता अभियान के तहत मार्केट में जगह-जगह डस्टबिन रखे जाएंगे।