5 नवंबर से चार दिवसीय चंडीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल का शुभारंभ चंडीगढ़ क्लब में होगा। प्रेसवार्ता में लेखक किरन नागरकर और अदब फाउंडेशन के चेयरमैन मितुल दीक्षित ने बताया कि इस बार चंडीगढ़ लिटरेचर में एक्सीलेंस के लिए नयनतारा सहगल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
अवॉर्ड में एक लाख रुपये कैश, एक प्लाक और शॉल भेंट की जाएगी। लेखक किरन नागरकर ने बताया कि सीएलएफ-2015 के उद्घाटन के दौरान नयनतारा सहगल को सम्मानित किया जाएगा। नयनतारा सहगल एक लेखिका हैं जो नौ नावेल लिख चुकी हैं। साथ ही उन्होंने आठ नॉन फिक्शन वर्क भी किए हैं।
उनकी लेखन की यात्रा ए टाइम टू बी हैप्पी (1958) से शुरू हुई। 1962 में उन्होंने नावेल फ्रॉम फीयर सेट फ्री लिखा। 1986 में रिच लाइक अज के लिए साहित्य अकादमी अवॉर्ड जीता। पिछले माह उन्होंने अपना साहित्य अकादमी अवॉर्ड लौटाया है।
बता दें कि गोविंद पनेसर, नरेंद्र दभोलकर, एमएम कालबुर्गी की हत्याओं और दादरी की घटना के बाद क ई भारतीय लेखकों ने अपने अवॉर्ड लौटाए हैं। किरन नागरकर ने कहा कि जिस तरह देश का माहौल खराब हो रहा है, उस पर सुधार जरूरी है। अगर इस पर सुधार नहीं हुआ तो मैं अपने साहित्य अकादमी अवार्ड वापस कर दूंगा। इसके लिए मैंने लेटर तैयार कर लिया है। सरकार का मौन होना खतरनाक है।
लेखक किरन नागरकर ने बताया कि इस बार फेस्टिवल में 4 फिल्में दिखाई जाएंगी। साथ ही बिबलियो ए लीडिंग लिट्रेरी मैगजीन के बारे में भी बताया जाएगा। इसमें 20 लेखक भाग ले रहे हैं।
इस मौके पर अदब फाउंडेशन के चेयरमैन मितुल दीक्षित, फेस्टिवल डायरेक्टर अर्जुन सिंह, दिलीप पड़गांवकर सहित टीवी जर्नलिस्ट सागरिका घोष, मनीषा शेट्टी, रुक्मिणी नायर, ब्रिंदा दत्ता और सीमा अलवी भी मौजूद रहेंगीं।