इनेलो प्रमुख और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने राममनोहर लोहिया अस्पताल से प्रदेशवासियों के नाम एक संदेश भेजा है।
उन्होंने इनेलो उम्मीदवारों को विजयी बनाने का आहवान किया है। चौटाला ने मतदाताओं के लिए एक मार्मिक अपील जारी की है।
इनेलो प्रमुख ने इस पत्र में अपने स्वास्थ्य का हवाला देने के साथ ही प्रदेशवासियों की सपरिवार कुशलता की कामना करते हुए लिखा है कि वे उनके खुद दर्शन करना चाहते हैं लेकिन मजबूर हैं।
पत्र में उन्होंने यह भी कहा है कि 6 अप्रैल, 2001 को चौधरी देवीलाल के निधन के बाद किसान, मजदूर व कमेरे के सम्मान व संघर्ष की प्रतीक जिस पगड़ी की जिम्मेदारी प्रदेशवासियों ने उन्हें सौंपी थी दिन-रात मेहनत करके उन्हाेंने उस जिम्मेदारी को निभाया। 80 साल की उम्र के इस आखिरी पड़ाव पर पिछले 14 महीनों से नौजवानों के भूखे पेट को रोटी देने के बदले में जेल की यातनाएं सहते हुए भी वे प्रदेश की बर्बादी से चिंतित हैं।