विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा भाजपा कुनबा बढ़ाने में जुट गई है। अगले तीन दिन में भाजपा की स्क्रीनिंग कमेटी बड़े नामों की घोषणा भी कर सकती है, लेकिन अब तक जो लोग भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं, कमेटी उनसे किसी तरह के पद या विधानसभा चुनाव में टिकट का वादा नहीं कर रही है। यह फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड ही करेगा।
स्क्रीनिंग कमेटी परखेगी नए लोगों को
फिलहाल कुनबे में शामिल होने के लिए स्क्रीनिंग कमेटी से होकर गुजरना होगा। पार्टी की कोशिश यह है कि ए कैटेगरी की सीटों पर जहां पार्टी मजबूत है, वहां अपने कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ाया जाए, जबकि जहां थोड़ी भी कमजोरी है, वहां पर भाजपा अच्छे चेहरे की तलाश में है, लेकिन शर्त यह है कि वह चेहरा भाजपा की नीतियों में निष्ठा रखता हो।
इसके लिए मंडल और जिलास्तर तक के प्रमुख लोगों से विचार विमर्श किया जाएगा। भाजपा के प्रवक्ता वीर कुमार यादव के मुताबिक सरपंच से लेकर पूर्व मंत्री तक जो भी भाजपा ज्वाइन करेगा। उसे स्क्रीनिंग कमेटी से होकर गुजरना होगा।
बढ़ रहा कुनबा, दो-तीन दिन में नए नामों की घोषणा
भाजपा का कुनबा बढ़ रहा है। कई नाम पेंडिंग सूची में हैं। करीब 20 लोगों ने रविवार को भाजपा की सदस्यता के लिए संपर्क किया है। जिन्हें स्क्रीनिंग कमेटी के पास भेजा गया है।
अनिल विज भाजपा विधायक दल नेता
हम कुछ नामों की घोषणा अगले दो से तीन दिन में करेंगे। रविवार को रानियां में दो लोगों को स्क्रीनिंग केबाद शामिल किया है। हम किसी को यह भरोसा नहीं दे रहे हैं कि पार्टी में आते ही बड़ी जिम्मेदारी दे दी जाएगी। पहले संगठन के काम को प्राथमिकता देनी होगी।
प्रोफेसर गणेशीलाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य
यह लोग करेंगे स्क्रीनिंग:
स्क्रीनिंग कमेटी में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष रामबिलास शर्मा, सांसद रतनलाल कटारिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आत्मप्रकाश मनचंदा, अनिल विज, प्रो. गणेशीलाल और संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट स्क्रीनिंग करेंगे।