सिटी ब्यूटीफुल में एक ऐसे मैच होगा, जो आज तक नहीं हुआ। टेनिस के दो दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना की जोड़ी पहली बार एक साथ ग्रास कोर्ट पर उतरेगी। अभी तक ये दोनों खिलाड़ी हार्ड कोर्ट में ही साथ दिखाई दिए हैं। यह पहला मौका होगा जब दोनों डेविस कप में कोरिया के खिलाफ ग्रास कोर्ट पर एक साथ डबल्स खेलेंगे।
डेविस कप 15 से 17 जुलाई तक चंडीगढ़ क्लब के ग्रास कोर्ट पर खेला जाना है। यहां भारत और कोरिया के बीच डेविस कप के एशिया-ओसियाना ग्रुप-1 के मुकाबले खेले जाएंगे।
डबल्स में 50 फीसदी मैच जीते
लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना जब भी विरोधी टीम के खिलाफ एक साथ खेले तो 50 फीसदी जीत इनके पाले में रही। हालांकि दोनों एक साथ अधिक मुकाबले नहीं खेेलें हैं। लिएंडर और बोपन्ना ने अभी तक कुल सात मैच खेले हैं। इनमें हार्ड कोर्ट पर पांच मुकाबले जीते हैं। जिनमें दो में हार का सामना करना पड़ा हैं। ये दोनों खिलाड़ी आखिरी बार सितंबर 2015 में एक साथ नजर आए थे। हालांकि इस मैच में पेस और बोपन्ना की जोड़ी को चेक रिपब्लिक की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा था।
सात ओलंपिक खेलने वाले पहले भारतीय
वर्ल्ड रैंकिंग में सातवें स्थान वाले लिएंडर पेस अब तक छह बार ओलंपिक में खेल चुके हैं। वह पहले भारतीय हैं जो सातवीं बार रियो में होने वाले ओलंपिक में हिस्सा लेंगे।
ग्रास कोर्ट और अन्य सुविधाओं का अभाव
राज्य के प्रमुख जिले सोनीपत, करनाल, सिरसा जैसे कुछ प्रमुख जिलों में टेनिस की एकेडमी तो है लेकिन इन्हें डेविस कप जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी नहीं मिल सकी है। इसलिए हरियाणा लॉन टेनिस एसोसिएशन को चंडीगढ़ क्लब का चयन करना पड़ा है।