एसएस बावा मेमोरियल अंडर-16 इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को खेले गए मुकाबलों में डीएवी-8 और गवर्नमेंट स्कूल-26 की टीमों में जीत दर्ज की।
यूटी क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित टूर्नामेंट के मुकाबले एलआईसी ग्राउंड -26 में खेले जा रहे हैं। पहले मुकाबले में डीएवी स्कूल-8 की टीम ने सेंट सोल्जर स्कूल पंचकूला की टीम को दो विकेट से हरा दिया।
बीस-बीस ओवर के टूर्नामेंट में टॉस जीतकर सेंट सोल्जर स्कूल पंचकूला की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 107 रन बनाए।
टीम से बल्लेबाज गुरदीप ने शानदार 63 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएवी स्कूल-8 की टीम ने 18.3 ओवर में 8 विकेट पर 108 रन बनाकर मैच जीत लिया।
सागर ने 42 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। गेंदबाजी में सेंट सोल्जर स्कूल पंचकूला से अंशुल ने दो विकेट झटके।
दूसरे मुकाबले में गवर्नमेंट स्कूल-26 ने गवर्नमेंट स्कूल-40 की टीम को चार विकेट से हरा दिया। गवर्नमेंट स्कूल-40 की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम 73 रन पर निपट गई। अभिषेक ने सबसे अधिक 18 रन बनाए। गेंदबाजी में सुशील और जतिंदर ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गवर्नमेंट स्कूल-26 की टीम ने 10.2 ओवर में छह विकेट पर 74 रन बनाकर मैच जीत लिया। शुभम ने 18 रन बनाए। गेंदबाजी में गवर्नमेंट स्कूल-40 से अब्दुल्ला और निखिल ने दो-दो विकेट झटके।