कार्यक्रम की शुरुआत आकाशगंगा से होगी
कार्यक्रम में वायुसेना के 150 से अधिक स्क्वाड्रन लीडर इसमें शामिल होंगे। मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत एयरक्राफ्ट तिरंगे से करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत आकाशगंगा से होगी। इस दौरान टीम के सदस्य आठ हजार फुट की उंचाई से छलांग लगाकर रोमांच पैदा करेंगे। इसके अलावा, आग को बुझाने को लेकर लेक से पानी ले जाने को दिखाया जाएगा। दो चिनूक सेना के हथियारों को लेकर गुजरेंगे। इसके साथ ही अलग-अलग एयरक्राफ्ट अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे और देशभक्ति का जज्बा भरेंगे।
ये एयरक्राफ्ट दिखाएंगे ताकत और करतब
वायुसेना के लड़ाकू जेट जैसे जगुआर, मिग -29, तेजस, राफेल और मिराज-2000 भी शामिल होंगे। इसके साथ ही मेहर, बिग ब्वाय, बादल, शमशेर, वज्रा, सेखों, भीम, नेत्रा फॉर्मेशन के तहत अलग अलग एयरक्राफ्ट अपने करतब दिखाएंगे। इसमें एक साथ कई एयरक्राफ्ट साथ चलेंगे और कलाबाजियां करते हुए गुजरेंगे।
ग्लोब फॉर्मेशन में एक सी-17 भारी भरकम विमान और सूर्य किरण डिस्प्ले टीम के नौ हॉक-132 शामिल होंगे। एकलव्य फॉर्मेशन का नेतृत्व चार अपाचे हेलिकॉप्टरों के साथ एमआई-35 अटैक हेलिकॉप्टर करेगा जबकि बिग बॉय फॉर्मेशन में एक आईएल-76 और दो एएन-32 विमान शामिल होंगे। वहीं, सुखोई- 30 विमान एक साथ त्रिशुल बनाते गुजरेंगे, जबकि लास्ट में सूर्य किरण के तहत 1 सी-17 और 9 एयरक्राफ्ट के साथ आकर लोगों को उत्साहित करेंगे।
वायु सेना दिवस पर होने वाले एयर शो को लेकर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रोजाना अभ्यास जारी है। छह अक्तूबर को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। इसमें वायुसेना प्रमुख के आने की संभावना है। एयर शो में पहली बार प्रचंड भी शामिल होंगे। इसके अलावा, राफेल, अपाचे, चिनूक समेत अन्य फाइटर जैट लोगों में जज्बा भरेंगे। चंडीगढ़ में आयोजन इसलिए हो रहा है, क्योंकि यहां पर अधिक लोग वायुसेना और एयरक्राफ्ट के करतब देख सकेंगे। - विंग कमांडर इंद्रनील नंदी, प्रवक्ता, वायु सेना।