सेक्टर 43 की जिला अदालत में वकीलों के चैंबर्स के लिए जमा राशि के दुरुपयोग के मामले में ठेकेदार पर मामला दर्ज नहीं करने पर वकीलों ने सोमवार को कामकाज ठप रखा। वकील चैंबरों के बाहर बैठे रहे। वहीं जिला अदालत के बाहर और अंदर पुलिस तैनात थी। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान अशोक चौहान और सेक्रेटरी बलजीत सिंह समेत पांच वकील का पैनल अपनी मांग को लेकर एसएसपी डॉ. सुखचैन सिंह गिल से सेक्टर-9 पुलिस हेडक्वार्टर में मिला।
वकीलाें ने कहा कि चैंबर बनाने वाले ठेकेदार ने करीब एक करोड़ से ज्यादा रुपयाें का घोटाला किया है। उन्हाेंने मामले की शिकायत पुलिस को भी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसएसपी ने वकीलों को जल्द से जल्द मामले की जांच करवाकर मामला दर्ज करने का आश्वासन दिया।
वहीं कामकाज ठप होने के कारण दूसरे राज्यों से आए लोगों को काफी परेशान का सामना करना पड़ा। लोग अदालत में पहुंचे और मामलों की तारीख लेकर वापिस चले गए। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान अशोक चौहान ने बताया कि चैंबर बनाने वाले पहले ठेेकेदार ने चैंबर्स बनाने में करीब चार करोड़ रुपये का घोटाला किया था। इसके अलावा ठेकेदार चैंबर्स का काम अधूरा छोड़ दिया था।