पिछले कुछ दिनों से लापता सेक्टर 19 निवासी वकील मनमोहन सिंह की पत्नी की तलाश में उलझी पुलिस ने शनिवार को महज शक के आधार पर शहर के सेक्टर 23 स्थित डंपिंग ग्राउंड के नजदीक की झाड़ियों की खुदाई करवा डाली। यह खुदाई बाकायदा जेसीबी के जरिये कराई गई, लेकिन फिर भी पुलिस की यह कोशिश नाकाम साबित हुई, क्योंकि खोदी गई जमीन से कुत्ते का शव निकला।
इससे पहले मौके से एक महिला की जूती मिलने के कारण इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों की सूचना पर पुलिस के साथ लापता महिला के परिजन भी वहां पहुंच गए थे। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस के मुताबिक इस रास्ते से रोजाना गुजरने वाले एक दुधिये ने दो दिन पहले ही यहां एक महिला को बेसुध हालत में देखा था। इसी आधार पर यहां पुलिस की ओर से महिला की घंटों तलाश की गई, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला।
बताया जाता है कि खेदी गई जमीन सेएक कपड़े में लिपटी हुई कुत्ते की डेड बॉडी मिली। ऐसे में पुलिस अब भी उन सवालों की गुत्थी सुलझाने में जुटी है कि आखिर दुधिये ने जिसका जिक्र किया था वह महिला कौन थी। इसके अलावा वकील की पत्नी की गुमशुदगी के मामले में इसका किस हद तक ताल्लुक हो सकता है। पुलिस वकील की लापता पत्नी के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। पुलिस को भरोसा है कि इसी आधार पर गुमशुदगी के बाद से महिला की लोकेशन के बारे में खुलासा हो सकता है।
उधर, पुलिस जिस बिट्टू नामक शख्स को चश्मदीद बता रही है, उसका कहना है कि वीरवार सुबह उसने एक महिला को पेट के बल एक बड़े गड्ढे में गिरा हुआ देखा था। लेकिन डर की वजह से उसने इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी। शुक्रवार शाम को वह फिर मौके पर गया, लेकिन वहां न तो महिला दिखी और न ही उसकी कोई जानकारी मिली। शनिवार सुबह जब इस बात की भनक लापता महिला के परिजनों को लगी तो वे डंपिंग ग्राउंड के पास जा पहुंचे। साथ ही उन्होंने सूचना देकर मौके पर पुलिस को भी बुला लिया।
Panchkula News
- फोटो : अमर उजाला
वकील ने माना- डंपिंग ग्राउंड के पास से मिली जूती पत्नी की है
वकील मनमोहन सिंह ने 16 जनवरी को पुलिस को दी शिकायत में पत्नी के लापता होने की शिकायत दी थी। पुलिस ने सेक्टर-20 थाने में मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की थी, लेकिन महिला का मोबाइल फोन बंद होने की वजह से उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। जबकि महिला का सुराग लगाने के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा चुका है। इसी बीच डंपिंग ग्राउंड के पास जूती मिलने पर लापता महिला के पति मनमोहन सिंह ने भी स्वीकार किया कि यह जूती उसकी पत्नी की ही है।
खुुदाई में कुत्ते की डेड बॉडी मिलने से परिजनों ने ली राहत की सांस
सेक्टर 23 स्थित डंपिंग ग्राउंड के नजदीक की झाड़ियों में जैसे ही खुदाई शुरू हुई परिजनों में जोर-जोर से रोना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें किसी प्रकार समझाकर शांत कराने की कोशिश की। हालांकि जब थोड़ी देर बाद जब खुदाई में एक पेट डॉग का शव बाहर निकला तो परिजनों ने राहत की सांस ली।
कॉल डिटेल के आधार पर खुल सकता है गुमशुदगी का राज
सूत्रों की मानें तो लापता महिला की आखिरी बार फोन पर बात एक अन्य महिला से हुई थी, जो अलीगढ़ की रहने वाली है। बताया जाता है कि अलीगढ़ निवासी महिला वर्तमान में मनीमाजरा में रहती है। इसी आधार पर मामले में पुलिस की जांच फिलहाल इसी पर टिकी नजर आ रही है।
एक महिला का शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और तलाश की गई। इस दौरान खुदाई भी कराई गई। लेकिन, कामयाबी नहीं मिली। इस मामले से जुड़े और भी तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है।
- मनवीर सिंह, डीसीपी, पंचकूला